बीएचयू के केएन उडुप्पा सभागार में शिक्षक दिवस पर सम्मानित शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में अब छात्र बताएंगे कि उनके विभाग में किस प्रोफेसर को शिक्षक दिवस का वार्षिक सम्मान दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं और शोधार्थियों से संकाय स्तर पर ही फीडबैक फॉर्म भरवाया जाएगा।
यह काम सेमेस्टर के आखिर में होगा। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने केएन उडुप्पा सभागार में इस नई पहल की घोषणा की। कुलपति ने बीएचयू में 2024-25 शैक्षणिक सत्र में रिटायर हो चुके 27 प्रोफेसरों को सम्मानित भी किया।
आयोजन को संबोधित करते कुलपति।
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि सभी संकायों में अलग अलग स्तरों पर उत्कृष्ट और प्रभावी शिक्षण करने वालों की पहचान कर सम्मान दिया जाएगा। यह प्रक्रिया विद्यार्थियों की फीडबैक पर आधारित होगी। ये फीडबैक हर सेमेस्टर में लिया जाएगा। कुलपति ने कहा कि दुनिया भर के लोग बीएचयू से ज्ञान प्राप्त करना चाहते हैं इसके लिए शिक्षकों को चाहिए कि वह विश्वविद्यालय की पहुंच को और ज्यादा बढ़ाने के नए तरीके खोजें।
केएन उडुप्पा सभाार में माैजूद शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
हैदराबाद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. रामकृष्ण रामास्वामी ने कहा कि विविध विषयों को एक साथ एक परिसर में पढ़ाई करने वाला बीएचयू भारत का सबसे महत्वपूर्ण विवि है।
कार्यक्रम को संबोधित करते अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
इस दौरान प्रो. अशोक कुमार, प्रो. उषा रानी तिवारी, रेक्टर प्रो. संजय कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अनुपम कुमार मौजूद रहे। संचालन डॉ. सिद्धिदात्री भारद्वाज ने किया। निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर काॅलेज में मुख्य अतिथि कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शिक्षकों को सम्मानित किया।
शिक्षक दिवस के कार्यक्रम का हुआ उद्घाटन।
- फोटो : अमर उजाला
असिस्टेंट, एसोसिएट, प्रोफेसर और सीनियर प्रोफेसर सभी होंगे पात्र
चयन के मानदंड संकाय की प्रकृति के अनुसार अलग-अलग होंगे। इस प्रस्ताव को विद्वत परिषद की ओर से अंतिम रूप दिया जाएगा। कुलपति ने कहा कि इस नई पहल के अंतर्गत चयनित शिक्षकों को 2026 के शिक्षक दिवस समारोह पर सम्मानित किया जाएगा। असिस्टेंट, एसोसिएट, प्रोफेसर और सीनियर प्रोफेसर सभी पात्र होंगे। प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि यह प्रक्रिया न केवल अच्छे शिक्षकों को पहचान दिलाएगी बल्कि जहां जरूरत होगी, वहां शिक्षण विधियों में सुधार का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।
आईआईटी बीएचयू में लगाए 6000 पौधे
शिक्षक दिवस पर आईआईटी बीएचयू स्थित केमिकल इंजीनियरिंग परिसर में ’एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत 6000 पौधे लगाए गए। यहां 0.2 हेक्टेयर भूमि पर मियावाकी तकनीक से घना वन विकसित किया जाएगा। इस दाैरान निदेशक प्रो. अमित पात्रा, डीआरडीओ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. जी. सतीश रेड्डी, यूपीसीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयूर माहेश्वरी ने पाैधरोपण किया।
शिक्षकों का किया सम्मान
भारत माता इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के सभागार में देश के पूर्व राष्ट्रपति के जन्म जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया गया। निदेशक हंस नारायणन शर्मा ने डॉ. कृष्णन के चित्र पर माल्यर्पण किया। रोहनिया के विधायक डॉ सुनील पटेल ने शिक्षक बंश नारायण शर्मा, अयोद्धा प्रसाद, विनय कुमार शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, शुभम् विश्वकर्मा, अमरनाथ शर्मा को सम्मानित किया।
राष्ट्रीय महत्व का दर्जा दिलाना लक्ष्य
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय महत्व का दर्जा दिलाना लक्ष्य है। इसे पूरा करने के लिए हमें एकजुट होकर समर्पित भाव से लगना होगा। कुलपति ने कहा कि शिक्षक दिवस जैसे अवसर पर हमें आत्ममंथन एवं आत्म निरीक्षण करने का मौका मिलता है। नैक मूल्यांकन में सी ग्रेड से ऊपर उठना भी सामूहिक प्रयास से संभव हुआ। प्रो. अशोक कुमार मिश्र, प्रो. केके अग्रवाल ओर प्रो. केएस जायसवाल को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कॉलेज में रोपे पौधे, शिक्षक का सम्मान
एक पेड़ एक जीवन विचार के तहत भूदेवश्री चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष देवश्री गुप्ता के नेतृत्व में डीएवी कॉलेज रामनगर में पौधरोपण हुआ। सागवान, आम, जामुन, अमरूद, नीम आदि पौधे लगाए गए। देवश्री गुप्ता ने कॉलेज की प्रधानाचार्या एकता कुमारी को सम्मानित किया। इस मौके पर नीता सिंह, लक्ष्मी पाठक, दयालु शंकर मिश्र, राकेश जायसवाल, शैलेंद्र कुमार सिंह, राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आर्य महिला की शिक्षिका सीएम के हाथों सम्मानित
स्कूली शिक्षा में सुधार के साथ ही सामाजिक व्यवस्था में बदलाव पर विशेष योगदान देने वाली शिक्षिकाओं को शुक्रवार को शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। इसमें आर्य महिला इंटर कॉलेज की अध्यापिका छाया खरे भी शामिल रहीं। उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा में महिलाओं का भी विशेष योगदान रहता है। जहां मैं पढ़ाती हूं, वहां की बेटियां आज अपने सपनों को नई पहचान दे रहीं हैं। नवाचार के जरिये छात्राओं को स्टार्टअप के बारे में जानकारी देती हूं।
सरकार को सबसे अधिक रखना चाहिए शिक्षा का बजट
शिक्षक दिवस पर शुक्रवार को नेशनल इक्वल पार्टी ने शिवपुर स्थित कार्यालय में सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित की। पार्टी के शशि प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार को शिक्षा का बजट सबसे अधिक रखना चाहिए। 99 प्रतिशत लोगों को शिक्षित बनाने पर ही भारत विकसित राष्ट्र होगा। इस दौरान सतीश पटेल, मनोज मौर्या, सदानंद शुक्ला, संतोष आदि रहे।
क्लबों ने 17 शिक्षकों को किया सम्मानित
रोटरी क्लब वाराणसी सारनाथ ने शिक्षक अलंकरण समारोह का आयोजन प्राथमिक विद्यालय राजा दरवाजा में किया। इसमें क्लब अध्यक्ष निशा श्रीवास्तव, विद्यालय के प्रधानाचार्य सच्चाराम यादव, अंजू तिवारी, दीपक श्रीवास्तव, अंशु सिंह को सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब बनारस ने महमूरगंज स्थित एक होटल में 11 शिक्षकों को मुख्य अतिथि संगीतज्ञ डॉ. राजेश्वर आचार्य ने सम्मानित किया।
डॉ. सुमन बनीं बनारस की सर्वश्रेष्ठ शिक्षिका
प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती की शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी को जिले की सर्वश्रेष्ठ शिक्षिका का सम्मान मिला है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सारनाथ द्वारा आयोजित शिक्षण प्रतियोगिता में उनके शिक्षण वीडियो को उत्कृष्ट माना गया।
डॉ. संध्या को स्वर्णिम सर्वपल्ली राधाकृष्णन अवॉर्ड : शिक्षा, चिकित्सा एवं समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. संध्या यादव को शिक्षक दिवस पर स्वर्णिम सर्वपल्ली राधाकृष्णन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
भाविप ने 11 शिक्षकों को किया सम्मानित
भारत विकास परिषद ने शिक्षक दिवस पर 11 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सिगरा स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डाॅ. सुशील दुबे थे। इस दौरान डाॅ. अनिल गुप्ता, डाॅ. नीलम गुप्ता, संगीता शाह, अमृता जायसवाल, अनीता सिंह, डाॅ. पूनम जायसवाल, रेणुका श्रीवास्तव, संध्या माथुर, डाॅ. श्यामजीत सिंह यादव को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमोद राम त्रिपाठी, तुषार, रंजना केशरी, गिरीश गुप्ता, रीता जायसवाल, धीरज सूरी, निशा त्रिपाठी की भागीदारी रही। संचालन अनीता दुबे व माया जायसवाल ने किया। धन्यवाद अनिल जायसवाल ने दिया।
डॉ. राधाकृष्णन ने ज्ञान के महत्व को समाज तक पहुंचाया
सपा जिला कार्यालय अर्दली बाजार में शिक्षक दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारत के द्वितीय राष्ट्रपति के साथ ही एक महान शिक्षक व दार्शनिक थे। उन्होंने अपने जीवन का अधिकांश समय शिक्षा के प्रचार प्रसार और ज्ञान के महत्व को समाज तक पहुंचाने में लगाया। जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षकों को सम्मान दिया है। नेताजी स्व. मुलायम सिंह यादव भी खुद शिक्षक रहे। कार्यक्रम में डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, आकाश मौर्या, शंभूनाथ यादव, अखिलेश यादव मौजूद रहे।
समाज के बच्चों का भविष्य शिक्षक के हाथ में होता है : रविंद्र जायसवाल
शिक्षक दिवस पर शुक्रवार को सर्किट हाउस के सभागार में लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इसमें वाराणसी के उत्कृष्ट शिक्षकों के साथ प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने देखा। शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। जिले के सभी आठ ब्लाॅक में शिक्षक दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। ब्लाॅक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सर्किट हाउस में उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
मंत्री ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत नहीं होता है। समाज के बच्चों का भविष्य शिक्षक के हाथ में होता है। इस दाैरान जिला पंचायत अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम मौर्या, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, प्रदीप अग्रहरि, जगदीश त्रिपाठी, मधुकर चित्रांश, सीडीओ हिमांशु नागपाल, बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह आदि रहे।