विकसित भारत का मार्ग होगा प्रशस्त
जीएसटी में सुधार के फैसले का भाजपा ने स्वागत किया है। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि इस फैसले से विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। इस सुधार से न केवल व्यापार को बल मिलेगा बल्कि गरीबों, किसानों और मध्यम वर्ग को भी बड़ी राहत मिलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पीएम की ओर से जीएसटी दरों में सुधार का यह ऐतिहासिक निर्णय गरीबों और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देने वाला है। भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि कर प्रणाली को सरल बनाने और आम नागरिकों का बोझ कम करने से ‘ईज ऑफ लिविंग’ के साथ-साथ ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ भी सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर खुशी व्यक्त करने वालों में अशोक चौरसिया, राकेश शर्मा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी तथा सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर आदि मौजूद रहे।
व्यापारी बोले धन्यवाद मोदी जी : भाजपा कार्यालय गुलाब बाग पर शुक्रवार को प्रमुख व्यापारी नेता एवं महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें जीएसटी से राहत पर व्यापारियों ने पीएम मोदी को धन्यवाद बोला। प्रधानमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जीएसटी दरों में समानता लाने की मांग की
महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा ने वस्त्र उद्योग को सरल बनाने की मांग की। कोषाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी काउंसिल ने दरों को सरल बनाकर उपभोग को बढ़ावा देने और मध्यम वर्ग को राहत देने का कार्य किया है। दशाश्वमेध व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश तुलस्यान और महामंत्री दीपक वासवानी, लोहा व्यापार मंडल के रजनीश कन्नौजिया और रामभजन ने जीएसटी में हुए संशोधन का स्वागत किया। पर्यटन उद्योग से जुड़े आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल मेहता और सुजीत गुप्ता ने होटलों पर जीएसटी दर घटाने का स्वागत किया।
मध्यम वर्ग के लिए तोहफा
खाद्य व्यापार मंडल ने मध्यम एवं लघु वर्ग के लिए दीपावली का तोहफा बताया है। मालवीय मार्केट में खाद्य व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक व्यापार मंडल अध्यक्ष नवरतन राठी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार का यह निर्णय निश्चय ही अर्थव्यवस्था को बल देने वाला है। संचालन गौरव राठी ने किया।
पीएम मोदी का मास्टर स्ट्रोक : जीएसटी दरों में सुधार को पूर्व मेयर रामगोपाल मोहले ने पीएम मोदी का मास्टर स्ट्रोक बताया। कहा कि इस फैसले से एक ओर जहां भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ ट्रंप का टैरिफ फुस्स पटाखा साबित हो जाएगा। पूर्व मेयर ने कहा कि जीएसटी के नए स्लैब से छोटे, मध्यम दर्जे के उद्योग धंधों में बूम आएगा। गरीब व मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।