महिला हॉस्टल के पास बैरीकेडिंग शाम छह बजे के बाद बंद
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू परिसर में छेड़खानी, मारपीट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अब सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परिसर में जगह-जगह लगी बैरीकेडिंग को अब शाम होते ही बंद कर दिया जा रहा है।
इसमें त्रिवेणी महिला छात्रावास के पास शाम छह बजे जबकि अन्य जगहों पर रात आठ बजे के बाद बैरीकेडिंग से किसी बाहरी का प्रवेश नहीं हो रहा है। इसके अलावा 17 महिला होमगार्डों की तैनाती भी कर दी गई है।
छात्रा संग 21 सितंबर को छेड़खानी के बाद अब तक पांच बार छेड़खानी, मारपीट की घटनाएं हो चुकी है। छेड़खानी की तीन घटनाओं में तो जांच के बाद बाहरी छात्र ही पकड़ में आए, जिनका परिसर से कोई लेना देना नहीं है। इस बीच 10 नवंबर को दिन में आईआईटी में होने वाले म्यूजिकल नाइट को लेकर बवाल हुआ और रात में रुइया छात्रावास में मारपीट, पत्थरबाजी से माहौल और बिगड़ गया।
अब परिसर में बाहरी छात्रों का प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगाया जा सके इसको लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसमें महिला छात्रावास की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
यहां त्रिवेणी के पास लगे बैरीकेडिंग को शाम छह बजे से बंद कर दिया जा रहा है जबकि परिसर में रुइया हॉस्टल, भारत कला भवन चौराहा आदि जगहों पर आठ बजे के बाद बंद कर दिया जा रहा है।
इस बीच महिला महाविद्यालय, सर सुंदर लाल अस्पताल स्त्री रोग विभाग की ओपीडी, त्रिवेणी छात्रावास आदि जगहों पर महिला होमगार्डों की तैनाती भी कर दी गई है।