बीएचयू में लगातार दूसरी बार बीएड और बीएड स्पेशल एजूकेशन से जुड़े चार पाठयक्रमों की प्रवेश परीक्षा टाली गई है। 29 सितंबर को टालकर पहले नई तिथि छह अक्तूबर निर्धारित की गई थी लेकिन अब इसे नौ अक्तूबर को कराया जाएगा। हालांकि पूर्व में तीन अक्तूबर को स्थगित बीएससी कृषि की प्रवेश परीक्षा बुधवार को कराई जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए प्रवेश पत्र का इंतजार करना पड़ेगा।
विश्वविद्यालय में इस बार एनटीए की ओर से 28 सितंबर से कराई जा रही प्रवेश परीक्षा में अधिकांश पाठ्यक्रमों की परीक्षा खत्म होने के बाद अब अभ्यर्थियों को आंसर की के साथ परीक्षा परिणाम का इंतजार है। इस बीच एनटीए की ओर से 29 सितंबर को होने वाली बीएड मैथमेटिक्स, बीएड स्पेशल एजुकेशन, बीएड ह्यूमनिटी एंड सोशल साइंस और बीएड की परीक्षा टालकर उसे छह अक्तूबर को कराया जाना था।
पांच अक्तूबर को एनटीए की वेबसाइट पर नोटिस जारी कर इसे अब छह से हटाकर नौ अक्तूबर दी गई है। इसमें एनटीए की ओर से अधिकांश अभ्यर्थियों द्वारा बीएड प्रवेश परीक्षा का प्रवेश पत्र डाउनलोड न करने का हवाला दिया गया है। वरिष्ठ निदेशक परीक्षा डा. साधना पाराशर के अनुसार नौ अक्तूबर को यह परीक्षा 12.30 बजे से 3 बजे तक कराई जाएगी।