बीएड प्रवेश परीक्षा की सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : फाइल फोटो
बीएड प्रवेश की बदलती तारीखों ने विश्वविद्यालयों का टाइमटेबल खराब कर दिया है। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं की तारीख को आगे बढ़ा दिया तो काशी विद्यापीठ ने भी 29 और 30 जुलाई को होने वाली परीक्षाओं की तारीख को आगे बढ़ाकर अगस्त में कर दिया है। तीसरी बार बीएड प्रवेश परीक्षाओं की तारीख में बदलाव ने फिर से छात्रों की बेचैनी बढ़ा दी है।
संभावना है कि विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं की तारीख में फिर से बदलाव किया जाएगा। बीएड प्रवेश परीक्षा की तारीख तीसरी बार बढ़ाकर छह अगस्त कर दी गई है। वहीं, छह अगस्त को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की शास्त्री व आचार्य की परीक्षाएं निर्धारित हैं। काशी विद्यापीठ में छह अगस्त को स्नातकोत्तर के पांचवें प्रश्नपत्र और स्नातक की परीक्षाएं निर्धारित हैं।
काशी विद्यापीठ को बीएड प्रवेश परीक्षा का नोडल केंद्र बनाया गया है। ऐसे में संभावना है कि पांच और छह अगस्त की परीक्षाओं की तारीख को आगे बढ़ाया जाएगा। बीएड की प्रवेश परीक्षा 18 जुलाई को होनी थी, लेकिन उसकी तारीख आगे बढ़ाकर 30 जुलाई कर दी गई। इसे देखते काशी विद्यापीठ ने 29 व 30 जुलाई की परीक्षाओं की तारीख को 11 और 12 अगस्त निर्धारित कर दिया।