झुन्ना फाउंडेशन की ओर से नगवां स्थित मगध भवन में बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय के पूर्व प्रमुख और अस्सी अड़ीबाजी के किरदार प्रो. कौशल किशोर मिश्र की 69वीं जन्मजयंती मनाई गई। एक व्यक्तित्व, अनेक आयाम विषय पर परिचर्चा में काशी के शिक्षाविदों, सामाजिक चिंतकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रो. मिश्र का स्मरण किया। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने प्रो. कौशल को काशी का लाल और अकादमिक जगत का नक्षत्र बताया। कहा कि उनका व्यक्तित्व शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक चेतना का अद्भुत समन्वय था। झुन्ना फाउंडेशन ने प्रकाशित काशी जर्नल ऑफ सोशल साइंसेज के विशेष अंक का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में पूर्व डीन प्रो. आरपी पाठक, अर्थशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. भूपेंद्र विक्रम सिंह, बीएचयू के पूर्व परीक्षा नियंता प्रो. नृपेंद्र किशोर मिश्र, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अशोक पांडेय, अरविंद मिश्र, प्रो. देवव्रत चौबे और इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. प्रवेश भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
काशी की बौद्धिक परंपरा का उज्ज्वल अध्याय
फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. भारती मिश्रा और सुनील कुमार मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रो. कौशल किशोर मिश्र का जीवन काशी की बौद्धिक परंपरा का उज्ज्वल अध्याय है, जिसे आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा स्रोत के रूप में देखेंगी। संचालन प्रो. अनूप कुमार मिश्र ने किया।