यात्रियों की सहूलियत के लिए अकासा एयर की ओर से अहमदाबाद के लिए सीधी विमान सेवा दिसंबर में शुरू होगी। यह फ्लाइट अकासा की पहली और वाराणसी से सीधे अहमदाबाद जाने वाली दूसरी फ्लाइट होगी। इसका शेड्यूल जल्द ही विमान कंपनी द्वारा जारी किया जाएगा।
अकासा के यूपी सेल्स हेड राहुल सिंह ने बताया कि फ्लाइट शाम को लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरेगी। इसमें एक साथ 189 यात्री सफर कर सकेंगे। जल्द ही इस फ्लाइट का शेड्यूल जारी किया जाएगा।
अहमदाबाद के लिए वाराणसी से अब तक केवल इंडिगो की सीधी विमान सेवा उपलब्ध है। यह फ्लाइट वाराणसी एयरपोर्ट से रात 9:05 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरती है। अकासा की यह फ्लाइट अहमदाबाद रूट की दूसरी सीधी विमान सेवा होगी।
इसे भी पढ़ें; दुस्साहस: चच्चा! कार के बोनट से मोबिल टपक रहा... कहकर उचक्कों ने लैपटॉप और एक बैग उड़ाया, पढ़ें- पूरा मामला
हैदराबाद के लिए भी चल रही सीधी फ्लाइट
हैदराबाद हवाई रूट पर अकासा एयर की पहली विमान सेवा 16 फरवरी 2025 को शुरू की गई थी। इसमें बुकिंग भी रोजाना फुल रहती है। यह फ्लाइट वाराणसी एयरपोर्ट से रोजाना सुबह 10:15 बजे उड़ान भरती है। यही नहीं, वाराणसी एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए उड़ान भरने वाली यह फ्लाइट सुबह की पहली फ्लाइट भी है।
वाराणसी एयरपोर्ट से प्रतिदिन 80 विमानों का होता है आवागमन
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हवाई यात्राओं की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग 40 उड़ानें विभिन्न शहरों के लिए रवाना हो रही हैं, वहीं इतने ही विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर उतर रहे हैं। इस प्रकार रोजाना करीब 80 विमानों का आवागमन हो रहा है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 14 से 15 हजार यात्री वाराणसी से हवाई सफर कर रहे हैं।