वाराणसी में बच्चों का टीकाकरण
- फोटो : अमर उजाला
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि जिले में 12 से 14 साल तक के बच्चों का टीकाकरण 16 मार्च से शुरू हुआ। होली अवकाश के बाद 21 मार्च से फिर टीका लगाया जा रहा है। इससे सेहत को कोई नुकसान नहीं होता है। टीका ही संक्रमण से बचाएगा। सभी केंद्रों पर बच्चों को यह संदेश भी दिया जा रहा है। बच्चे बहुत उत्साहित हैं।
इन केंद्रों पर लग रहा टीका
जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा, बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर बीएचयू, राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय चौकाघाट, लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय रामनगर, बरेका अस्पताल, छावनी अस्पताल, कैंटोंमेंट, माता आनंदमयी अस्पताल, हिंदू सेवा सदन, जामिया अस्पताल पीलीकोठी मारवाड़ी अस्पताल, बुनकर अस्पताल, बिड़ला चिकित्सालय, ईएसआईसी अस्पताल, स्वामी विवेकानंद अस्पताल भेलूपुर, शहरी सीएचसी चौकाघाट, दुर्गाकुंड और शिवपुर, ग्रामीण क्षेत्र की आठ सीएचसी/पीएचसी।
बच्चों के टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूक भी किया जा रहा है। केंद्रों पर संक्रमण से बचाने में टीके की भूमिका, इसके लाभ को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीएस राय का कहना है कि जिन बच्चों को कोर्बेवैक्स की पहली खुराक दी गई है, उन्हें 28 दिन बाद दूसरी डोज लगेगी। बच्चों को इसकी जानकारी दी जा रही है। कोविन एप पर भी इस बारे में जान सकते हैं। जिन बच्चों का जन्म 15 मार्च 2010 से पहले हुआ है उन्हें कोर्बेवैक्स टीका लगेगा।
टीकाकरण का ग्राफ (12 से 14 साल)
- 16 मार्च 29
- होली अवकाश
- 21 मार्च 492
- 22 मार्च 234
- 23 मार्च 305
- 24 मार्च 302
बच्चों को टीका लगाने का जो फैसला सरकार ने लिया है, वह सराहनीय है। हम लोगों ने टीका पहले ही लगवा लिया था, अब बच्चे को भी लगवा दिया है। इसके बाद भी उन्हें कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा है। - संदीप राउत, हथियानवीर कॉलोनी, बेदौली
जैसे ही पता चला कि 12 से 14 साल वाले बच्चों को टीका लगाया जाएगा। बच्चे को लेकर टीकाकरण केंद्र पर पहुंच गया। टीका लगने के बाद किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। दूसरी डोज लगने का इंतजार है। - हितेश राय, लालपुर
कोर्बैवैक्स का पहला टीका लगवाने का सौभाग्य मिला। इस पल का बहुत दिन से इंतजार था। टीका लगने से पहले थोड़ा डर जरूर था, लेकिन इसके बाद सब दूर हो गया। अब भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर रहा हूं। 28 दिन बाद दूसरी डोज लगाने की जानकारी चिकित्सक ने दी है। - रामकृष्ण (12), कबीरनगर
कोरोना का टीका हम लोगों को भी लगाया जाएगा, यह खबर सुनने के बाद से काफी उत्साह था। टीका लगने के बाद किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। अब 28 दिन बाद दूसरी डोज लगवाने जाऊंगा। टीकाकरण के बारे में दोस्तों को भी जागरूक कर रहा हूं। - कुंवर सूर्यांश प्रताप राय (13), हासिमपुर, लालपुर