शुक्रवार की देर शाम यातायात पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस आयुक्त ने वीवीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और रूफटॉप ड्यूटी के माध्यम से लगातार निगरानी रखने को कहा। सभी अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने और अधीनस्थ पुलिस बल को सतर्कता बरतने और सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन में पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
यातायात पुलिस को वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। वीवीआईपी रूट से जुड़ी गलियों, कट और चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
एयर शो के दौरान दर्शकों के सुरक्षित आवागमन के लिए पार्किंग, बैरिकेडिंग और प्रवेश-निकास मार्गों का प्रबंधन होगा। भीड़ नियंत्रण में पुलिसकर्मी संयम और संवेदनशीलता बरतें। अनावश्यक बल प्रयोग से बचते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए। पुलिस आयुक्त ने एयर शो में आने वाले दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
सभी पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन, विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करने को कहा गया। उन्हें 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करने की हिदायत दी गई। दर्शकों को रास्ता बताने और हर संभव सहायता प्रदान करने पर जोर दिया गया। प्रत्येक दर्शक इनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इससे महिला दर्शकों को आवश्यक सुरक्षा और सहायता मिल सकेगी।