रोहनिया। थाना क्षेत्र के मिसिरपुर (महदेइया) में बने गौ आश्रय स्थल में गोवंशों की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर मंगलवार को अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच की। वहीं, ग्राम प्रधान की तहरीर पर केयरटेकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
केयरटेकर संतोष कौशल द्वारा निराश्रित पशुओं को बेरहमी से लाठी से पीटने का वीडियो वायरल होने पर जांच के लिए खंड विकास अधिकारी आराधना त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ बी बी सिंह, एडीओ पंचायत प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे। डाक्टरों की टीम ने सभी 14 गौवंशों की जांच की। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। रोहनिया थाना प्रभारी ने बताया कि संतोष कौशल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।