वाराणसी। विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय पद से इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने साफ किया कि लोकसभा चुनाव के दौरान वह पद पर बने रहेंगे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्रसंघ का उद्घाटन करने आए विधानसभा अध्यक्ष ने अमर उजाला से बातचीत में दो टूक कहा कि वह चुनाव के लिए पद नहीं छोड़ेंगे। समाजवादी पार्टी ने जब लोकसभा प्रत्याशी के रूप में उनके नाम की घोषणा की तो सियासी गलियारे में यह अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि वे पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
अब तक चुप्पी साधे विस अध्यक्ष ने मंगलवार को कार्यक्रम के बाद अमर उजाला प्रतिनिधि से बातचीत में इन अटकलों को खारिज कर दिया। प्रदेश सरकार की नीतियों को लाभकारी बताते हुए उन्होंने कहा कि सूबे का लगातार विकास हो रहा है। युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता कल्याणकारी नीतियों में शामिल है। न सिर्फ बेरोजगारी भत्ता बल्कि रोजगार का सृजन कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध है। कहा कि किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए सिंचाई का पैसा माफ किया जाएगा। सरकार प्रयास कर रही है कि हर शहर को 22-24 घंटे बिजली मिले। इसके लिए बिजली उत्पादन इकाइयों का विकास किया जाएगा। नई पेंशन योजना लागू किए जाने पर भी विचार चल रहा है।