वाराणसी। उत्तर रेलवे के अंतर्गत आने वाले मालवीय ब्रिज पर तीसरी लाइन बिछाने का कार्य इस वर्ष रफ्तार पकड़ेगा। आम बजट में इसके लिए लगभग एक करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
वाराणसी-मुगलसराय पर पड़ने वाले पुल संख्या 11(मालवीय ब्रिज) पर दो लाइन का स्ट्रक्चर खड़ा होना है। इसके अलावा 16.72 किलोमीटर तीसरी लाइन बिछाने का प्रस्ताव है। इस योजना की घोषणा पिछले साल आम बजट में की गई थी। इसके लिए लगभग 20 लाख रुपये दिया गया था। इस वर्ष इस कार्य के लिए एक करोड़ रुपये की व्यवस्था बजट में की गई है। वहीं डीरेका में 4000/3000 अश्वशक्ति जनरल मोटर्स रेल इंजनों का उत्पादन तथा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के द्वितीय चरण के लिए 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा डीरेका के पुराने टूटे, अक्षम सीवरेज का बदलाव व अवजल शोधन संयंत्र की क्षमता बढ़ाने के लिए गंगा कार्य योजना के तहत दो करोड़ 46लाख रुपये की व्यवस्था की गई है।