वाराणसी। बीमारी से परेशान अधिवक्ता संजय सिंह (45) ने बुधवार को मालवीय पुल से गंगा में छलांग लगा दी। पुल के नीचे मछली पकड़ रहे मल्लाहों की नजर पड़ गई और उन्होंने संजय को किसी प्रकार बाहर निकाला। पुलिस ने संजय को गंभीर स्थिति में मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने संजय की जेब से मिले आईडी कार्ड के जरिये उनके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे भाई कुंदन ने बताया कि संजय जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं। उन्हें ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारी है। पिछले कुछ दिनों से वह बीमारी के चलते परेशान थे। दोपहर में नई बस्ती, पांडेयपुर स्थित घर से बाइक लेकर निकले थे। मालवीय पुल पहुंचने के बाद वहां बाइक खड़ी कर गंगा नदी में छलांग लगा दी।