चौबेपुर। क्षेत्र के जयप्रकाश महाविद्यालय उमरहां में प्रबंधकीय विवाद में पठन-पाठन को संचालित करने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया था। एक पक्ष के न आने पर फिर छात्र-छात्राओं ने धरने दिया।
जयप्रकाश महाविद्यालय में इधर प्रबंधकीय विवाद के चलते विद्यालय के कार्यालय में एक पक्ष ने ताला बंद कर दिया था। इस पर दूसरे पक्ष ने मुकदमा दर्ज करा दिया था। इसके बाद चौबेपुर थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को विद्यालय आने पर रोक लगा दी थी।
इससे पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। इससे नाराज छात्रों ने सोमवार को वाराणसी गाजीपुर राजमार्ग पर जाम लगा दिया था। मामले को सुलझाने के लिए चिरईगांव चौकी इंचार्ज दीनदयाल पांडेय ने मंगलवार को महाविद्यालय प्रांगण में दोनों पक्षों को बुलाया। इसमें एक पक्ष नहीं पहुंचा। इस पर प्राचार्य ने दूरभाष पर कालेज बंद करने का आदेश दे दिया। इस पर छात्र-छात्राओं ने हंगामा करते हुए महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्राचार्य से चौकी इंचार्ज दीनदयाल पांडेय ने फोन पर छुट्टी का कारण पूछा तो वह नहीं बता सके। पुलिस ने दो दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन देकर छात्र-छात्राओं को शांत कराया।