हरहुआ (वाराणसी)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव में मंगलवार की रात 50 वर्षीय मानसिक मंदित महिला की सामूहिक दुराचार के बाद सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। दरिंदों ने गांव स्थित एक बगीचे के हनुमान मंदिर के चबूतरे पर वारदात को अंजाम दिया। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने लहूलुहान शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से देशी शराब की शीशी, पानी की बोतल और बीड़ी का बंडल बरामद किया और डॉग स्क्वॉड की मदद से तफ्तीश शुरू की। चंद घंटों बाद ही वारदात में शामिल दोनों दरिंदे दबोच लिए गए।
लोकापुर गांव स्थित राधेश्याम पांडेय के बगीचे में स्थित हनुमान मंदिर पर यह मानसिक मंदित महिला बीते तीन वर्ष से रहती थी। गांव के लोगों से भिक्षाटन कर अपना जीवन यापन करती थी। मंगलवार की रात रोजाना की तरह ही महिला मंदिर के चबूतरे पर सोयी थी। बुधवार की सुबह उसका लहूलुहान शव देख ग्रामीण सन्न रह गए। एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। पता चला कि मंगलवार की रात बगीचे में रसूलपुर निवासी लक्ष्मी निवास उर्फ डब्बू मिश्रा को देखा गया था। पुलिस ने डब्बू को रसूलपुर स्थित शराब ठेके से पकड़ा तो मामला परत दर परत खुलता गया। पूछताछ में उसने बताया कि लोकापुर के कल्लू गौड़ और उसने मंदिर के पास बैठकर शराब पी थी। इसके बाद दोनों ने महिला के साथ दुराचार किया। महिला ने विरोध किया तो पोल खुलने के डर से महिला का सिर मंदिर के चबूतरे पर पटक-पटक कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तत्काल कल्लू गौड़ को भी गिरफ्तार कर लिया।