वाराणसी। बीएचयू के जंतु विज्ञान विभाग में छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करने के आरोपी प्रो. एसके चौबे के खिलाफ कार्रवाई का फैसला अब कार्यकारिणी परिषद में होना है। मामले में गठित इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (आईसीसी) की जांच रिपोर्ट को परिषद की अगली बैठक में रखने का निर्णय विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिया है।
बीएससी आनर्स की छात्राओं ने प्रो. चौबे पर अक्तूबर 2018 में भुवनेश्वर में गए शैक्षणिक टूर के दौरान शारीरिक बनावट पर कमेंट करने का आरोप लगाते हुए कुलपति से शिकायत की थी। पहले तो विश्वविद्यालय ने मामले की जांच संस्थान स्तर पर विमेंस ग्रीवांस सेल से कराई, इसके बाद जांच आईसीसी को दी गई। इसी बीच 23 अक्तूबर को प्रोफेसर चौबे को निलंबित करते हुए उनके बिना अनुमति शहर से बाहर न जाने का आदेश भी जारी किया गया। करीब दो महीने तक चली जांच के बाद अब आईसीसी ने अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंप दी है।
सूत्रों की माने तो जिस तरह से आईसीसी ने अपनी रिपोर्ट में प्रोफेसर चौबे को दोषी ठहराया है, उससे यह माना जा सकता है कि बड़ी कार्रवाई हो सकती है। हालांकि इस बारे में पूछे जाने पर कुलपति प्रो. राकेश भटनागर ने कहा कि नियमानुसार जांच रिपोर्ट पर फैसला कार्यकारिणी परिषद को करना है, ऐसे में अगली बैठक में उसे परिषद में रखा जाएगा। यह पूछे जाने पर कि बैठक कब होगी, इस पर कुलपति ने अभी कोई तिथि तय न होने की बात कही हैं।