बीएचयू के ट्रामा सेंटर में मंगलवार से 50 बेड का कोविड वार्ड शुरू होने से मरीजों को राहत मिली है। ट्रामा सेंटर में मंगलवार से मरीजों को भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई। वहीं बीएचयू एम्फीथिएटर मैदान में 1000 बेड के अस्थायी अस्पताल बनाने की दिशा में भी प्रकिया तेज हो गई है। इसके बन जाने से मरीजों को आसानी से बेड मिल जाएंगे।
इस समय स्वास्थ्य विभाग के सामने सबसे बड़ी समस्या ऑक्सीजन और वेंटीलेटर को लेकर है। बेड अगर उपलब्ध भी हो रहे हैं तो ऑक्सीजन उपलब्ध कराना चुनौती बनता जा रहा है। इस बारे में पूछे जाने पर बीएचयू ट्रामा सेंटर के इंचार्ज प्रो. संजीव गुप्ता ने बताया कि 50 बेड पर मरीजों की भर्ती की सुविधा शुरू की गई है। यहां मरीज कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के माध्यम से ही आएंगे। आने वाले दिनों में 46 और बेड पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।
उधर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को दिन में नए कोविड हास्पिटल बनाए जाने को लेकर माथापच्ची भी चलती रही, जिससे कि मरीजों को थोड़ी राहत मिल सके। उधर डीआरडीओ की मदद से बीएचयू के खेल मैदान में अस्थायी अस्पताल बनाने के लिए कागजी कार्रवाई सहित अन्य औपचारिकताएं शुरू हो गई हैं।