वाराणसी। लंका थाने के पुलिसकर्मियों की लचर कार्यशैली का फायदा उठाकर चोरों ने मंगलवार रात से बुधवार दोपहर के बीच दो अलग-अलग स्थानों से एक कार और एक बोलेरो चुरा ली। दोनों वाहन मालिकों ने थाने में तहरीर दी है।
साकेत नगर निवासी निजी हॉस्टल संचालक लोकेश सिंह ने बताया कि उनकी स्विफ्ट डिजायर कार मंगलवार रात घर के बाहर खड़ी थी। बुधवार सुबह सोकर उठे तो कार गायब थी। वहीं, बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल में चंदौली के धानापुर से मरीज दिखाने आए गुलाब सिंह की बोलेरो को चोरों ने दोपहर में उड़ा दिया। गुलाब सिंह ने बताया कि उनकी बोलेरो अस्पताल परिसर के समीप खड़ी थी। कुछ देर बाद लौटे तो गायब थी। उधर, बीएचयू के शोध छात्र डीएलडब्ल्यू निवासी विकास तिवारी के बैंक खाते से जालसाजोें ने साढ़े आठ हजार रुपये उड़ा दिए।