वाराणसी। बीएचयू के विधि संकाय का पहला पुरातन छात्र समागम रविवार को आयोजित किया जाएगा। इसमें सुप्रीम कोर्ट, उच्च न्यायालयों, जनपद न्यायालयों के न्यायाधीश और अधिवक्ता इसमें भाग लेने आएंगे। विधि आयोग के अध्यक्ष जस्टिस बलबीर सिंह चौहान समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
विधि संकाय में शनिवार को दिन भर समागम की तैयारियां चलती रहीं। देर शाम तक देश के विभिन्न शहरों से कई पुरातन छात्र बनारस पहुंच गए। संकाय के सभागार में समारोह का उद्घाटन सुबह 10 होगा। इसमें पंजीकरण के बाद पोस्टर प्रदर्शनी, पुस्तक मेला और ग्रुप फोटोग्राफी आदि कार्यक्रम होंगे। इसके बाद पुरा छात्र डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास पर पौधरोपण करेंगे। संकाय प्रमुख प्रो. डीके शर्मा ने बताया कि देश भर से आने वाले न्यायाधीश और अधिवक्ता छात्र-छात्राओं के साथ संवाद भी करेंगे। शाम को 4 से 6 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।