वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक को वाशेबल एप्रन के रूप में विकसित करने के लिए ट्रेनों के रूट बदलने से यात्री परेशान हो रहे हैं। गए हैं। मार्ग परिवर्तन की सूचना के अभाव में ट्रेनें छूटने से मंगलवार को कैंट स्टेशन पर यात्रियों में अफरातफरी मची रही। सैकड़ों यात्री यहां पहुंचे तो पता चला कि उनकी ट्रेनें मुगलसराय से ही आगे के लिए निकल गई हैं।
इंदौर से वाराणसी आए पर्यटकों का एक दल मंगलवार की दोपहर कैंट स्टेशन पहुंचा। इन्हें पटना-अहमदाबाद साप्ताहिक ट्रेन से वापस जाना था। कुछ देर तक ट्रेन का इंतजार करने के बाद इन यात्रियों को जानकारी मिली कि उनकी ट्रेन को मुगलसराय से ही डायवर्ट कर दिया गया है। इससे इन यात्रियों में अफरातफरी मच गई। सभी यात्री स्टेशन निदेशक एके पांडेय के पास पहुंचे और अपनी समस्या बताई। इसके बाद स्टेशन निदेशक ने उच्चाधिकारियों से वार्ता की और फिर उन्हें कामायनी एक्सप्रेस से मानिकपुर भेजा गया। उन्हें बताया गया कि उनकी ट्रेन मानिकपुर से मिल जाएगी। इस व्यवस्था के बाद यात्रियों की जान में जान आई। सभी को इंदौर जाना है।