वाराणसी। बाबा काशी विश्वनाथ के चढ़ावे में चोरी का सिलसिला थम नहीं रहा। मंगलवार को दान पेटियों से निकले चढ़ावे का मिलान करने पर लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। इस चोरी में गर्भगृह में तैनात रहे छह अर्चकों को चिह्नित किया गया है, जिसके खिलाफ जल्द कार्रवाई के संकेत मिले हैं। साथ ही मंदिर प्रशासन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाएगा।
विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह से लाखों रुपये का चढ़ावा पार कर दिया जाता है। गर्भगृह में पिछले 24 घंटे में दान पेटी से निकली चढ़ावे की रकम के बाद इसका खुलासा हुआ। गर्भगृह में प्रयोग के तौर पर लगाए गए दो नए पुजारियों ने 24 घंटे में 1,09,695 रुपये का चढ़ावा मंदिर के कोष में जमा कराया है जबकि 16 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक 15 दिनों में गर्भगृह हुंडियों से महज 2.15 लाख रुपये ही प्राप्त हुए थे। इस अवधि में छह अर्चकों ने अलग-अलग पालियों में गर्भगृह में ड्यूटी की है। न्यास परिषद के अध्यक्ष आचार्य पं. अशोक द्विवेदी ने मंगलवार को दान पेटियों से आने वाले चढ़ावे की जांच के बाद यह चोरी पकड़ी। उन्होंने बताया कि गर्भगृह में रोज लाखों रुपये की चोरी की जा रही है। यहां तैनात अर्चक जो दान पेटी लेकर बैठते हैं, उससे रकम निकाली जाती थी। पखवारे भर में जो चढ़ावा छह अर्चकों ने मिल कर जमा किया था, उसकी आधी रकम 24 घंटे में ही पेटिका से निकली है। उन्होंने बताया कि इस मामले में चिह्नित पुजारियों पर कार्रवाई करने के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी से बात की है, ताकि चोरी पर रोक लग सके।