वाराणसी। सिगरा थाना अंतर्गत इंग्लिशिया लाइन तिराहे के समीप स्थित लॉज के मालिक सत्यनारायण गुप्ता ने गुरुवार की सुबह कहासुनी के दौरान पत्नी पूनम गुप्ता पर रिवाल्वर तान दी। पूनम ने घर से भागते हुए सौ नंबर पर फोन किया तो पुलिस कन्हैयालाल गुप्ता को गिरफ्तार कर सिगरा थाने ले गई और असलहा जब्त कर लिया।
इंग्लिशिया लाइन तिराहे के समीप मलदहिया मार्ग पर सत्यनारायण गुप्ता का लॉज है। लॉज के ऊपरी हिस्से में सत्यनारायण, पत्नी पूनम गुप्ता और बेटे मोहित गुप्ता और अन्य सदस्यों के साथ रहते हैं। बताया जाता है कि सत्यनारायण के नौकर का मोबाइल खो गया था। इसी को लेकर घर में कहासुनी शुरू हुई और बात बढ़ गई। इसी दौरान सत्यनारायण ने घर में छुपाकर रखी गई रिवाल्वर निकाली और पूनम पर तान दी तो उसने शोर मचाया। घर में मौजूद सदस्य विशाल ने बीचबचाव कर सत्यनारायण को किनारे किया तो पूनम ने भागते हुए सौ नंबर पर फोन कर पुलिस बुला ली।
सिगरा थाने पहुंची पूनम ने बताया कि उनके पति मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं और मना करने पर उन्हें मारते-पीटते हैं। गुरुवार को भी इसी बात को लेकर उन्होंने पिटाई की और रिवाल्वर तान दी। पूनम ने बताया कि विद्यापीठ मार्ग पर उनका ब्यूटी पार्लर है, वहां जाकर भी पति गाली-गलौज करते हैं। सिगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि रिवाल्वर जब्त कर सत्यनारायण गुप्ता केे खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।