वाराणसी। बीएचयू में छात्रा के साथ छेड़खानी और बवाल मामले की जांच फिर शुरू हो गई है। गुरुवार को एलडी गेस्ट हाउस पहुंचे जांच अधिकारी हाईकोर्ट के अवकाश प्राप्त जज वीके दीक्षित को दर्जन भर छात्र-छात्राओं ने घटना से जुड़े साक्ष्य सौंपे और अपने बयान दर्ज कराए। वहीं, जांच अधिकारी ने प्राक्टोरियल बोर्ड के अधिकारियों को भी बुलाकर घटना की जानकारी ली गई। शुक्रवार को भी घटना से जुड़े साक्ष्य और अपना पक्ष कोई भी व्यक्ति रख सकता है।
बीएचयू परिसर में 21 सितंबर को छात्रा से छेड़खानी और इसके विरोध में 23 सितंबर को लाठीचार्ज के बाद जमकर बवाल हुआ था। इस मामले की जांच जस्टिस दीक्षित को सौंपी गई है। घटना की जांच के लिए जस्टिस दीक्षित दूसरी बार कैंपस आए हुए हैं। 7-8 दिसंबर को उन्होंने छात्र-छात्राओं के अलावा हर किसी को घटना से जुड़े साक्ष्य और अपना पक्ष रखने को कहा था। गुरुवार को एलडी गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 313 में छात्र-छात्राओं ने जांच अधिकारी के समक्ष अपने बयान रखे और साक्ष्य भी उपलब्ध कराए। सूत्रों की माने तो जस्टिस ने प्राक्टोरियल बोर्ड के तत्कालीन और वर्तमान सदस्यों को भी बुलाकर घटना से जुड़ी जानकारी ली।