वाराणसी। सरकार के लाख प्रयास के बाद भी सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक बाहर की दवा लिखने से बाज नहीं आ रहे हैं। आए दिन इसकी शिकायतें जिला व शासन स्तर पर होती रहती हैं। ताजा मामला बुधवार का है, यहां अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ से मरीजों और उनके परिजनों ने डॉक्टरों द्वारा बाहर से दवा लिखने की शिकायत की, जिस पर उन्होंने सख्त कार्रवाई की बात कही।
अस्पताल में भर्ती मरीजों, ओपीडी सहित अन्य विभागों में चलने वाली सुविधाओं की पड़ताल करने पिछले सप्ताह मंगलवार को अस्पताल पहुंचे डीएम सुरेंद्र सिंह ने कमियां मिलने पर नाराजगी जताई थी। इस दिन उन्होंने साफ-सफाई, बाहर से दवा न लिखने, चिकित्सकों, कर्मचारियों की समय से उपस्थिति आदि का निर्देश दिया था। उसी की हकीकत जानने बुधवार को पहुंचे सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने पहले एनसीडी क्लीनिक में उपस्थिति रजिस्टर चेक किया, जहां सभी कर्मचारी मिले, इसके बाद एआरटी सेंटर पहुंचकर सुविधाओं की जानकारी ली। ओपीडी के बाद मेडिकल वार्ड पहुंचे तो शिकायतों का अंबार लग गया। यहां मरीजों ने सीएमओ से बाहर से दवा मंगाने की शिकायत की। मरीज और परिजनों ने कहा कि मजबूरी में बाहर की दवा खरीदनी पड़ती है। इस पर सीएमओ ने सीएमएस से बातकर इस पर तत्काल रोक लगवाने का निर्देश दिया।