उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज कुंडा के बलीपुर गांव पहुंचे। उन्होंने शनिवार को मारे गए प्रधान और उसके भाई के परिजनों से मुलाकात की।
उन्होंने ग्राम प्रधान और उसके भाई के परिवारों को सांत्वना दी और उन्हें बीस-बीस लाख रुपए के चेक दिए। मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ मंत्री आजम खां भी मौजूद थे। इस मौके पर मौजूद राजा भैया के समर्थकों ने आजम खां के विरोध में नारे लगाए।
प्रधान और उसके भाई की मौत पर दुख प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने दोषियों को दंडित करने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि इस गांव में दो मार्च को ग्राम प्रधान नन्हें यादव और उसके भाई सुरेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
उसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक जिया उल हक की भी हत्या कर दी गई थी।
पिता को सौंपा सहायता चेक मुख्यमंत्री ने सहायता चेक मृतक भाइयों के पिता दुखी राम को सौंपे क्योंकि दोनों की पत्नियां लगभग बेहोश थीं और बात करने की स्थिति में नहीं थीं।
इस अवसर पर यादव ने स्वीकार किया कि इस घटना से समाजवादी पार्टी की प्रतिष्ठा को धक्का लगा है लेकिन निष्पक्ष जांच से इसकी भरपाई हो जाएगी।
इस तिहरे हत्याकांड के बाद प्रदेश की राजनीति में काफी गरमाहट आ गई और मृत पुलिस उपाधीक्षक की पत्नी ने जिले के विधायक और विवादित मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
राजा भैया को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा और प्रदेश सरकार ने जांच सीबीआई को सौंपने की घोषणा की। मुख्यमंत्री इससे पहले डीएसपी जिया उल हक के पैतृक गांव भी गए थे, थे जहां उन्हें लोगों का रोष झेलना पड़ा था।