गायों को सुरक्षित एवं सुखी रखते हैं, हम मुसलमान हैं
इस गोशाला में गाय को सुरक्षित एवं सुखी रखने की जिम्मेदारी इमरान खान और विजय सिंह की है। गायों को चारा डालने, पानी पिलाने और साफ सफाई, ये सारा काम इमरान खान ही करते हैं। बाकी की जिम्मेदारी विजय निभाते हैं। इमरान खान कहते ह्रैं, हम मुसलमान हैं, ऊपर वाला सब देख रहा है। हम बहुत सेवा करते ह्रैं। हमें पांच हजार रुपये मिलते हैं। वह भी समय पर नहीं मिलते। रायनगर के प्रधान और सचिव की देखरेख में गोशाला का संचालन होता है। उन्होंने कहा, यहां गायों को हरा चारा नहीं मिलता है।
भाजपा-बसपा का मालूम नहीं, कहां हैं
गोशाला के बाहर सतेंद्र यादव कहते हैं, ये तो कोई नए प्रत्याशी नहीं हैं। सब जानते हैं। यहां शिवपाल सिंह ही तो हैं। राम योगेश यादव से जब पूछा गया कि बसपा-कांग्रेस कहां हैं, बोले यहां तो सपा ही है। वे दूसरी पार्टियों की स्थिति को लेकर कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं थे। चचा ने किसानों की सिंचाई मुफ्त और होली-दीपावली पर दो बार मुफ्त सिलेंडर देने की बात कही है। इन लोगों ने दावा किया कि शिवपाल सिंह की कम से कम डेढ़ लाख से ज्यादा मार्जन से जीत होगी। जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के बाजार में अखिलेश कुमार ने बताया, यहां तो कोई भी हो, किसी बिरादरी का भी आदमी हो, वह शिवपाल को ही अपना मानता है, वे भले इंसान हैं। सब सुविधाएं देते हैं। भाजपा ने पांच साल में कुछ नहीं किया। हमारे लिए तो अखिलेश और शिवपाल ही हैं।
'चचा' को टक्कर दे रहे 32 वर्षीय विवेक शाक्य
भाजपा ने इस सीट पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी प्रमुख शिवपाल सिंह यादव के सामने 32 वर्षीय विवेक शाक्य को चुनाव में उतारा है। वे किसी राजनीतिक परिवार से ताल्लुक नहीं रखते। ये अलग बात है कि भाजपा ने उन्हें कई पदों की जिम्मेदारी सौंपकर इलाके में उनकी पहचान बनाने का प्रयास किया है। शाक्य को लेकर गैर-यादव मतदाता खुलकर नहीं बोल रहे थे। कोई कहता है, उन्हें जानते हैं, दूसरे लोगों ने कहा, नाम ही सुना है। दूसरी तरफ यादव मतदाताओं ने शिवपाल के नाम के साथ रामराज जोड़ दिया है। हालांकि शाक्य दावा करते हैं कि इस बार समीकरण बदल जाएंगे। सपा के राज की गुंडागर्दी लोग भूले नहीं हैं। योगी सरकार ने यहां सुरक्षा का माहौल बनाने का प्रयास किया है। 2017 के विधानसभा चुनाव में शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी से 126834 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की थी। उस दौरान दूसरे नंबर पर भाजपा के मनीष यादव उर्फ पतरे (74218) रहे थे। इस सीट पर लगभग 141000 यादव हैं। 1996 में शिवपाल ने पहली बार जीत दर्ज की थी। उसके बाद 2002, 2007, 2012 और 2017 में चचा ने ही जीत का परचम लहराया है।