गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतापगढ़ जिले के रामपुर खास में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि 2,000 करोड़ की सरकारी भूमि पर माफियाओं और बाहुबलियों ने कब्जा किया था। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने 2,000 करोड़ की भूमि को माफियाओं से मुक्त कराकर गरीबों के घर बनाने के लिए उपयोग में लिया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या में जनसभा की। यहां उन्होंने कहा कि जिस एक्सप्रेस वे पर प्रधानमंत्री उतरे थे वह समाजवादियों ने बनवाया था। अगर समाजवादी न बनवाते तो शायद प्रधानमंत्री भी ऐसे हाई वे पर नहीं उतर पाते। अगर उन्होंने अपनी समझ और सोच से बनाया होता तो उन्होंने गुजरात में क्यों नहीं बना लिया?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में जनसभा की। उन्होंने कहा कि अगर सपा-बसपा की सरकार होती तो पूरा वैक्सीन मार्केट में ब्लैक हो जाता। हमने सभी को वैक्सीन दी, फ्री वैक्सीन दी... हमने महीने में 2 बार राशन दिया। 2017 से पहले ये पैसा सपा-बसपा के इत्र वाले मित्र के घर चला जाता था।
अमित शाह ने कहा कि सपा संपत्ति इकट्ठा करती है और अपने परिजनों को पद पर बैठाती है। समाजवादी पार्टी में S का मतलब - संपत्ति और P का मतलब - परिवार है। अखिलेश जब मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने अपने परिवार के 45 लोगों को अलग-अलग पदों पर बैठाने का काम किया।
अमित शाह ने कहा जब देश में कोरोना का टीका बना तो प्रधानमंत्री ने देश के वैज्ञानिकों को अभिनंदन दे रहे थे कि आपके इस शोध के कारण भारत की जनता सलामत होगी। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि ये मोदी टीका है इसे मत लगवाना। 10 ही दिन में डरकर रात के अंधेरे में अखिलश यादव ने टीका लगवाया।
गृह मंत्री अमित शाह ने सिराथू में उप-मुख्यमंत्री केशव मौर्य के समर्थन में जनसभा की। यहां उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भी चश्मा पहनते हैं और उसमें भी दो कांच हैं लेकिन उनके अलग तरह के वैज्ञानिक कांच हैं जो अलग-अलग प्रकार के हैं। एक कांच से उनको एक ही जाति और दूसरे कांच से एक ही धर्म दिखाई देता है। इन दोनों ही कांच में न मैं हूं न जनता।
प्रयागराज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चार चरणों में मतदान हो गए हैं। इन चार चरणों में हुए मतदान में सपा, बसपा का सूपड़ा साफ हो गया है। फिर से एक बार 300 पार वाली एनडीए की सरकार प्रदेश में बनने वाली है।
प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली बार हमने पांच लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी और दो करोड़ नौजवानों को रोजगार दिया। इस बार हम उत्तर प्रदेश के सभी परिवार के एक सदस्य को रोजगार देंगे।
अमेठी में प्रियंका गांधी ने कहा कि इन पांच सालों में कितनों को रोजगार मिला है? इन्होंने जो जानबूझकर 12 लाख सरकारी पदों को खाली रखा है उसे हम सबसे पहले भरेंगे। इसकी हमने पूरी लिस्ट बनाई हुई है। इसके अलावा हम आठ लाख नए रोजगार देंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि अगर आप रोजगार चाहते हैं तो रोजगार पैदा करने का टिकट आपके हाथ में हैं। जब आप पोलिंग बूथ पर जाते हैं और ईवीएम का बटन दबाते हैं तो वो रोजगार का टिकट है। मगर आप कभी धर्म पर वोट दे देते हैं। कभी जाति पर वोट दे देते हैं। आप अपने भविष्य के लिए कभी वोट नहीं डालते हैं। मोदी जी आकर कहते हैं कि दो करोड़ युवाओं को रोजगार दूंगा। तब आप उनसे ये नहीं पूछते हैं कि कैसे देंगे, कहां से आएगा रोजगार।
अमेठी में राहुल गांधी चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि इस चुनाव में नरेंद्र मोदी जी भाषण कर रहे हैं। इन भाषणों में वो रोजगार की बात क्यों नहीं करते हैं। बीएचईएल बेच रहे हैं, एचएएल बेच रहे हैं, तेल की कंपनियां बेच रहे हैं, एयर इंडिया बेच दी। मगर अपने भाषणों में ये क्यों नहीं कहते कि मैंने 2014 में वादा किया था, मैंने इतने युवाओं को रोजगार दिलवाया और आने वाले समय में इतने रोजगार और देने जा रहा हूं। वो ऐसा इसलिए नहीं कहते क्योंकि पूरा उत्तर प्रदेश जानता है कि नरेंद्र मोदी झूठ बोलते हैं। पूरा उत्तर प्रदेश जानता है कि देश का प्रधानमंत्री वोट लेने के लिए कुछ भी बोल जाएगा। पूरा देश जानता है कि नरेंद्र मोदी ने किसानों की आमदनी दुगनी करने का वादा किया था। फिर तीन काले कानून लागू किए। इनका लक्ष्य है कि जो आज किसान को मिलता है वो उससे छीना जाए और हिन्दुस्तान के दो-तीन अरबपतियों को दे दिया जाए।
चित्रकूट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चित्रकूट में 2017 के पहले क्या बिजली मिलती थी? 2017 के बाद चित्रकूट में बिजली मिल रही है, कोई भेदभाव नहीं हो रहा है। पहले ईद और मुहर्रम में बिजली आती थी और दिवाली तथा होली में बिजली नहीं आती थी।
जया बच्चन ने कहा कि ये लोग झूठ के सिवाय कुछ नहीं बोलते। जया ने कहा कि मैं 15 साल पार्लियामेंट में रहीं हूं, इन्होंने झूठ के सिवाय कुछ नहीं कहा है। जब ये सत्ता में हैं और जब ये सत्ता में नहीं थे, इन्होंने कभी भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक शब्द भी नहीं बोला।
सपा सांसद जया बच्चन ने सिराथू में जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा ये भूल जाते हैं कि आपके जो मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) हैं उन्होंने तो परिवार को त्याग दिया है। वे परिवार के बारे में क्या जानते हैं। वे क्या जानते हैं बहू, बेटी क्या होती हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुल्तानपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि अब तक चार चरणों में हुए मतदान के रुझान बताते हैं कि विपक्ष के तमाम नेताओं ने अभी से विदेश भागने के लिए अपने टिकट 11 तारीख के लिए बुक करा दिए हैं। योगी ने कहा कि इससे ज्यादा परिवर्तन और क्या हो सकता है कि जो लोग पहले जेब में तमंचा रखकर राम भक्तों पर गोलियां चलाते थे, अब वे भी बजरंगबली का गदा लेकर घूम रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रयागराज में रोड शो किया।
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। नकवी ने कहा हराने की रट और सत्ता की हट इनको (अखिलेश यादव) 10 तारीख के बाद सफाचट करेगी। ये सत्ता की हट कर रहे हैं कि इन्हें सत्ता में जाना है। इनके 3 बी ब्रदरहुड (बेईमान, बाहुबली, बलवाई) बेरोजगार हो गए हैं, इसलिए इनकी रट, हट 10 को सफाचट हो जाएगी।
गोरखपुर-बस्ती मंडल में छठवें चरण के चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी ताकत लगाएंगे। वह शुक्रवार की देर शाम गोरखपुर आ जाएंगे, फिर गोरखनाथ मंदिर में रुककर ही चुनाव प्रचार को आगे बढ़ाएंगे। 26 फरवरी से एक मार्च के बीच गोरखपुर-बस्ती मंडल में ताबड़तोड़ जनसभाएं व रोड शो करेंगे। पढ़ें पूरी खबर...
गृह मंत्री अमित शाह आज उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पक्ष में प्रचार करने सिराथू आएंगे। शाह सिराथू के साथ ही अम्बेडकरनगर, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में भी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और पूर्व सांसद डिंपल यादव और सपा सांसद जया बच्चन आज कौशांबी में चुनावी रैलियां करेंगी। दोनों नेता सिराथू, चायल और मंझनपुर विधानसभा क्षेत्र में रैलियां करेंगी।
प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से विधायक और जनसत्ता दल प्रमुख राजा भैया ने कहा कि उनकी पार्टी लोगों की मांग पर बनी है। कुंडा में प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य किसानों और छात्रों की बेहतरी के लिए काम करना है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को अमेठी में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे प्रयागराज में भी एक जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वे जल्दी ही आजमगढ़ और वाराणसी में भी चुनावी रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। बड़ा सवाल यह है कि यूपी जैसे बेहद महत्वपूर्ण राज्य से राहुल गांधी अब तक गायब क्यों थे और अब अंतिम चरणों में यूपी के सियासी रण में कूदकर कितना असर डाल सकेंगे? पढ़ें पूरी खबर...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम जन्मभूमि स्थल पर राम लला की पूजा की। उन्होंने हनुमान गढ़ी मंदिर में भी पूजा की।