खाली प्लॉट हमारा है, सपा में कुंडल भी सुरक्षित नहीं
कुछ लोगों द्वारा कही गई बात के आधार जब प्रो. बघेल से पूछा गया कि सपा सरकार में 'खाली प्लाट हमारा' है, ये थ्योरी चलती है तो उन्होंने कहा, खुली दुकान इनकी होती है। बंद दुकान मालिक की होती है। इनकी सरकार आते ही खाली प्लॉट पर कब्जा होना शुरू हो जाता है। बाउंड्री हो जाती है। पट्टों पर कब्जा होता है। यहां पर लोग मॉर्निंग वॉक नहीं करते। उन्हें डर होता है कि उनका अपहरण हो जाएगा। रात में किसान खेत में पानी नहीं देता क्योंकि पकड़ा गया तो फिरौती देनी पड़ेगी। कारोबारी को घर पहुंचने में देर हो जाए तो पत्नी सोचती है कि मेरे पत्नी का थैला छिन गया है, कहीं उसे गोली तो नहीं मार दी गई। जब तक बच्चा स्कूल से वापस नहीं लौटता, तब तक मां घर के गेट पर खड़ी रहती है। सपा सरकार का जंगल राज सभी को याद है।
'खामोश इंकलाब' हो रहा है, लोग उत्पीड़न का बदला लेंगे
इस सवाल के जवाब में, आप अपनी जीत के प्रति कितने आश्वस्त हैं, प्रो. बघेल ने कहा, सौ पर्सेंट। अब ये चुनाव जनता ने अपने हाथ में ले लिया है। न ही अखिलेश के यादव के हाथ में चुनाव है, न ही मेरे हाथ में है। यहां 'खामोश इंकलाब' हो रहा है। लोग बड़ी संख्या में गुप्त मतदान करेंगे। 50 साल से हो रहे उत्पीड़न का बदला लेंगे। उन्हें अखिलेश को हराने का सुअवसर प्राप्त हो रहा है। लोग कह रहे हैं कि हम भाग्यशाली हैं कि हमें इस कालखंड में उत्तर प्रदेश से आतंक व अत्याचार को खत्म करने का मौका मिल रहा है।
अखिलेश ने मुलायम सिंह के साथ वही किया, जो औरंगजेब ने शाहजहां के साथ किया था...
प्रो. बघेल पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के पीएसओ रह चुके हैं। सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि उन्हें नेताजी ने तैयार किया था। आज वे नमक का हक अदा नहीं कर रहे। उन्होंने अखिलेश के सामने चुनाव मैदान में आकर गलत किया है। सपा कार्यकर्ताओं के इन सवालों के जवाब में प्रो. बघेल ने कहा, उतना बुरा तो मैंने नहीं किया, जितना अखिलेश यादव ने 2017 में किया था। वे अपने पिता को हटाकर खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए थे। ऐसा तो मुगल सम्राट औरंगजेब ने शाहजहां के साथ किया था। ये मुलायम सिंह के जीवन का सबसे अधिक दुखदायी क्षण था। मुलायम सिंह की सरकार आती जाती रही, वे ज्यादा चिंता नहीं करते। मुलायम सिंह ने समाजवादी पार्टी का पौधा लगाया था। बाद में वही वट वृक्ष बन गया। इसमें शिवपाल ने भी पानी डाला।
ये कब तक 29 साल का गाना गाएंगे
उस वक्त अखिलेश आस्ट्रेलिया में घूम रहे थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटाने का मतलब खुद तख्त पर बैठ जाना है। हम तो उनके साथ हैं। टिकट बांटने की क्षमता तो राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास होती है, इसीलिए उसका सम्मान होता है। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा, मुझे पुलिस की नौकरी छोड़े 29 साल हो गए हैं। समाजवादी पार्टी छोड़ने के बाद मैं तीन सदनों का सदस्य रहा हूं। मैं आगरा कालेज में प्रोफेसर हूं। राज्यसभा का सदस्य रहा हूं, उत्तर प्रदेश में विधायक, मंत्री रहा हूं। आगरा से सांसद रहा हूं। आज भारत सरकार में राज्य मंत्री के पद पर हूं। ये कब तक 29 साल का गाना गाएंगे।