शवों को फंदे से उतारकर जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
गांव मुबारिकपुर में दो बच्चों के बाप शुभम वर्मा (31) ने 25 साल की अविवाहित युवती के साथ आत्महत्या कर ली। परिजन किसी रिश्तेदार की तेरहवीं में गए थे। लौटे तो छत के जाल के सहारे शुभम के घर में ही दोनों के शव लटके मिले। पुलिस ने आकर मामले की जांच की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं पिता का शव देखकर दोनों बच्चे सहम गए।
मंसूरपुर क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर में शुभम का परिवार रहता है। रविवार को रिश्तेदारों के यहां रस्म तेरहवीं का कार्यक्रम का था। शुभम के पिता जय किशोर, बड़ा भाई व उसकी पत्नी, शुभम की पत्नी व दो बच्चे वहां गए हुए थे। शुभम ने काम होने की बात कहकर परिजनों के साथ जाने से इंकार कर दिया था।
रात में उसके परिजन वापस लौटे तो उन्हें घर के मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। घर के अंदर जाने के लिए दूसरा रास्ता भी अंदर से बंद था। इसके बाद परिजन पड़ोसियों के घर की छत से होते हुए अंदर पहुंचे तो घर के आंगन में लगे लोहे के जाल पर मोहल्ले में ही रहने वाली नीलम और शुभम फंदे पर लटके मिले। यह देखकर परिजनों के पैरों तले से जमीन निकल गई। उन्होंने गांव वालों को सूचना दी। कुछ ही देर में लोग एकत्र हो गए। सूचना पर मंसूरपुर थाना पुलिस ने पहुंचकर परिजनों की मदद से शवों को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने दोनों शव मोर्चरी भेज दिये।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि शुभम शादीशुदा व दो बच्चों का पिता था। युवती अविवाहित थी। प्रेम प्रसंग के चलते दोनों आत्महत्या की है। अभी किसी भी पक्ष ने लिखित में कुछ नहीं दिया है। पुलिस जांच कर रही है।
मां के साथ करती थी मजदूरी
पुलिस ने बताया कि युवती के पिता की मौत हो चुकी थी। परिवार में उसकी मां व तीन बहनें हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है। उससे छोटी एक बहन है। पिता की मौत होने के बाद से युवती व उसकी बहन परिवार की आजीविका चलाने के लिए मजदूरी करती थी।