चकेरी की युवती ने हाईकोर्ट के सहायक समीक्षा अधिकारी के खिलाफ शारीरिक शोषण करने और 41 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती के अनुसार चार साल पहले उसका रिश्ता प्रयागराज के दारागंज शंकर कालोनी निवासी अभिषेक यादव के साथ तय हुआ था। रोका की रस्म होने के बाद 24 फरवरी 2024 को शादी होनी थी।
आरोप है कि मंगेतर उनसे मिला और रिश्ता तय होने की बात कहते हुए शारीरिक शोषण किया। शादी की तारीख नजदीक आने पर उसने व उसके परिजनों ने पारिवारिक कारणों का हवाला देकर तय तारीख पर शादी करने में असमर्थता जताई। समझाया तो वे लोग सगाई और तिलक करने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद वह परिजनों के साथ प्रयागराज पहुंची। होटल में तिलक और सगाई समारोह से ठीक पहले अभिषेक के पिता सालिक राम यादव ने उसके पिता से दस लाख रुपये तिलक और गहने बनवाने के लिए पांच लाख रुपये ले लिए।