पीलीभीत में चुनावी चर्चा के लिए जुटे युवा।
- फोटो : अमर उजाला
राजनीति से हटकर पीलीभीत के युवाओं ने चुनाव के मुद्दे पर बेहद साफ दिल से अपनी बात कही। 'अमर उजाला' के चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' कार्यक्रम में शामिल लगभग हर युवा ने सरकार की अच्छाइयां और कमियां दोनों गिनाईं। ज्यादातर छात्रों ने कहा कि सरकार ने काफी काम किया है, लेकिन अभी विकास कार्यों की अधिक गुंजाइश भी है। रोजगार, महिला सुरक्षा, शिक्षा समेत कई मुद्दों पर बात की। पढ़िए किसने क्या कहा?
शिक्षा व्यवस्था पर क्या बोले छात्र ?
चुनावी मुद्दों के बारे में बातचीत करती छात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
छात्रा नेहा ने कहा कि पहले के मुकाबले शिक्षा के क्षेत्र में काफी काम हुआ है, लेकिन अभी भी बेहतर शिक्षा के लिए युवाओं को बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता है। बड़े शहरों में ही ज्यादा अच्छी शिक्षा और सुविधाएं मिलती हैं। इसलिए हमारी उम्मीद है कि सरकार राजनीति से अलग होकर शिक्षा के क्षेत्र में फोकस करे। युवाओं को उनके जिले में बेहतर शिक्षा मुहैया कराए। सुविधाओं को बढ़ाया जाए।
फार्मेसी की पढ़ाई कर रहे योगेश कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए पीलीभीत में सुविधाएं नहीं हैं। सरकार ने इसके लिए अभ्युदय योजना की शुरूआत की। ये काफी अच्छी योजना है, लेकिन इसमें अभी कई कमियां हैं। इस योजना के तहत पढ़ाने वाले शिक्षकों को बार-बार न बदला जाए। अच्छे शिक्षकों को इसमें शामिल किया जाए।
चंद्रशेखर ने भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सुविधा शुरू करने की मांग की। निशा ने कहा कि युवाओं के लिए जरूरी कई ऐसे कोर्स हैं जिनकी पढ़ाई पीलीभीत में नहीं होती है। ऐसे छात्रों को बाहर जाना पड़ता है।
एक अन्य छात्रा ने भी ये मुद्दा उठाया। कहा कि उसे म्यूजिक के क्षेत्र में पढ़ाई करनी थी, लेकिन पूरे पीलीभीत में कहीं भी ये कोर्स नहीं संचालित होता है।
सुरक्षा के मुद्दे पर छात्राओं ने क्या कहा?
पीलीभीत, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022
- फोटो : अमर उजाला
छात्रा नैंसी योगी ने कहा कि पहले के मुकाबले काफी सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है। हालांकि सरकार को चाहिए कि वह कॉलेज, स्कूल के रास्तों में पुलिस की तैनाती करें ताकि छात्राओं को कोई दिक्कत न हो।पर्यावरण पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
महवीश ने सरकार की तारीफ की। कहा कि सुरक्षा का माहौल है। जगह-जगह पुलिस भी तैनात रहती है। निशा अंसारी ने कहा कि सुरक्षा है, लेकिन कुछ जगहों पर रोड सुनसान रहता है। वहां लड़कियां जाने में हिचकती हैं। महिला पुलिस की जगह-जगह तैनाती होनी चाहिए।
छात्रा खुशी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की व्यवस्था में अधिक सुधार की जरूरत है। हाल में जो गैंगरेप की वारदात हुई है वो नहीं होनी चाहिए। पुलिस की गाड़ियां जगह-जगह होनी चाहिए। हाईवे पर पुलिस की व्यवस्था नहीं होती है। सरकार को इसपे ध्यान देने की जरूरत है।
विकास के मुद्दे पर क्या बोले?
ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली निशा और आरती ने कहा कि काफी विकास कार्य हुए हैं। गांवों की सड़कें पहले के मुकाबले काफी अच्छी हो गई है। हालांकि कुछ जगहों पर अभी भी दिक्कतें हैं। बीएससी के छात्र प्रियांश वर्मा ने ट्रैफिक जाम का मुद्दा उठाया। कहा यातायात सुविधा ठीक होनी चाहिए। बाजार में कोई जाता है तो उसे काफी दिक्कतें होती हैं।
अनमोल मिश्रा ने कहा कि सरकार ने ओडीओपी की योजना शुरू की है। ये बहुत अच्छी योजना है। सभी को इसका लाभ उठाना चाहिए। अनमोल ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट के जरिए युवाओं को ट्रेनिंग दी जानी चाहिए। सरकार की स्टार्टअप योजना के जरिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं को स्वरोजगार की तरफ आगे बढ़ाना चाहिए। अभी ज्यादातर छात्र सरकारी नौकरी के लिए ही दौड़ते हैं। अनमोल के मुताबिक, सरकार ने काफी अच्छा काम किया है।
उला कुरैशी ने सरकार के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पक्षों के बारे में बताया। कहा सरकार ने किसान, छात्रों, छात्राओं, गरीबों और आम लोगों के लिए काफी काम किया है। काफी विकास कार्य हुए हैं। हालांकि, अभी भी कई सड़कें खराब हैं, कुछ जगहों पर बेटियां असुरक्षित महसूस करती हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर कोई विशेष सुविधा नहीं है।