जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में चिकित्सक के इंतजार में बैठी महिलाएं। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती बुखार पीड़ित वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसी वार्ड में बुखार के तीन और मरीजों का इलाज चल रहा है। ओपीडी में पहुंचे बुखार पीड़ित मरीजों में तीन के डेंगू जांच के लिए व एक मरीज का सैंपल जीका जांच के लिए गए हैं।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती बिहार थानाक्षेत्र के पकरा खुर्द निवासी रामकुमार (55) को बुखार व सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजनों ने इमरजेंसी वार्ड में रविवार रात डेढ़ बजे भर्ती किया था। रात में ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं राजेपुर निवासी राजेश (60), माखी की सोना (18) पुत्री शिवपाल, तालिब सरांय की सरस्वती(16) पुत्री भगवानदीन का इलाज चल रहा है।
सोमवार का दिन होने से जिला अस्पताल के पुरुष व महिला वार्ड में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। पर्चा काउंटर पर लंबी लाइन लगने के साथ ही जांच कराने के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। ओपीडी में बुखार पीड़ित 26 मरीज पहुंचे। इसमें कांटा गुलजारपुर निवासी शैलेंद्र (33) पुत्र राजकुमार, सेमरा के संदीप यादव (30) पुत्र रामा व न्यायालय कर्मी विराट कुमार (30) पुत्र विजय कुमार के डेंगू जांच के लिए सैंपल लिए गए। बुखार के साथ शरीर में चकत्ते पड़ने पर शैलेंद्र का सैंपल जीका वायरस की जांच के लिए भी लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया है।
मरीजों को करना पड़ा इंतजार
जिला महिला अस्पताल में भी मरीजों की भीड़ रही। डॉक्टरों को दिखाने के लिए उन्हें अपनी बारी का घंटों इंतजार करना पड़ा। डॉक्टर को दिखाने के बाद जिन मरीजों की जांच लिखी गई वह भी घंटों लाइन में खड़ी रहीं।