हसनगंज। लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले आदमपुर भासी के मजरा धोबिनखेड़ा गांव निवासी युवक ने संदिग्ध हालात में जहर खाकर जान दे दी। परिजन पुलिस को आत्महत्या की वजह नहीं बता पाए।
धोबिनखेड़ा गांव निवासी सरवन (20) पुत्र रामबरन रैदास बीएससी का छात्र होने के साथ ही लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। शनिवार देर शाम लखनऊ से घर लौटा था। रात में संदिग्ध हालात में उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे परिजनों ने उसे लखनऊ के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सरवन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को घर लाए और पुलिस को सूचना दी।
कोतवाल अजयराज वर्मा ने बताया कि पिता ने जहर खाकर बेटे द्वारा आत्महत्या की तहरीर दी है। वह आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं कर सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।