उन्नाव। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के जारी परीक्षा परिणाम में स्कूल प्रबंधकों ने दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि नवीन मान्यता वाले विद्यालय के छात्रों को मानक के अनुसार अंक नहीं दिए गए। 10 स्कूलों के प्रबंधकों ने अपर सचिव माध्यमिक शिक्षा व सभापति माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज को पत्र भेजकर परीक्षाफल में संशोधन की मांग की है।
जिले के राधाकृष्ण सरस्वती विद्या मंदिर हायर सेकेंड्री स्कूल, उत्कर्ष हायर सेकेंड्री स्कूल, रामशंकर शुक्ल इंटर कॉलेज, ऐवरग्रीन आरके पब्लिक स्कूल, दयानंद सुभाष नेशनल पब्लिक स्कूल, ज्ञानोदय पब्लिक इंटर कॉलेज व मदारीलाल स्मारक इंटर कॉलेज सहित दस स्कूलों के प्रबंधकों ने परीक्षाफल में मनमाने तरीके से दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।
आरोप है कि पुरानी मान्यता प्राप्त स्कूलों के परीक्षाफल उनकी ओर से भेजे गए परीक्षा के आंकड़े, परिषद के निर्धारित फार्मूले व पिछले साल के बोर्ड परीक्षाफल के प्रदर्शन के आधार पर परीक्षाफल घोषित हुआ है। जबकि नई मान्यता प्राप्त स्कूलों के छात्र पहली बार बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे थे। उनका परीक्षाफल निर्धारित फार्मूले के साथ विद्यालय की ओर से जो अंक भेजे गए उसमें 20 से 25 प्रतिशत कटौती कर परिणाम घोषित किया गया है। इससे मेधावी छात्र भी 65 से 70 फीसदी प्राप्तांक में सीमित रह गए। इससे अभिभावकों में नाराजगी है। जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से भेजे गए मांगपत्र में पुरानी मान्यता वाले स्कूलों की तरह ही नई मान्यता वाले स्कूलों का रिजल्ट संशोधित कर घोषित किया जाए।
डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि जिन स्कूलों के प्रबंधकों आपत्ति है वह प्रार्थनापत्र दे रहे हैं। प्रार्थनापत्राें को अपर सचिव माध्यमिक शिक्षा व सभापति माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज को भेजा जा रहा है।