उन्नाव: मेले में चाट खाने के बाद बीमार हुए 17 लोग
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव में पुरवा विकासखंड के रघुनाथपुर गांव में शुक्रवार को काली माता के मंदिर के मेले में चाट खाने से 17 लोग बीमार हो गए। सभी को आननफानन सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
रघुनाथपुर गांव निवासी कुछ लोग मेला घूमने गए थे। एक दुकान पर चाट खाने के कुछ देर बाद सभी की हालात बिगड़ गई। पेट दर्द व उल्टियां शुरु हो गईं। बच्चों व बड़ों सहित 17 लोगों को परिजनों ने प्राइवेट चिकित्सक के पास इलाज कराया।
हालत में सुधार न होने पर सभी को देर रात सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने फूड प्वाइजनिंग की संभावना पर इलाज शुरू किया। जानकारी पर सीओ विक्रमाजीत सिंह व कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने सीएचसी पहुंचकर बीमार लोगों का हाल जाना। ग्रामीणों के अनुसार मुरैता प्राचीन का दुकानदार मेले में चाट का ठेला लगाए था।
इसी ठेले से चाट खाने पर पहले पेट दर्द फिर उल्टी शुरू हो गई। बीमार लोगों में रघुनाथपुर की सुखराना (65) अमित कुमारी (23), स्वाती (18), किरन (37), संतोषी (16) चांदनी (18), कामिनी (16), दामिनी (13), प्रिया (10), तमंया (8), प्रिंस (8), अमन वर्मा (17), माही (7), रंजना (7 ) जबकि आशा (17), कमला (44), पूजा (22) शामिल हैं। पुलिस चाट का ठेला लगाने वाले दुकानदार का पता लगाने की कोशिश कर रही है।