उन्नाव की नवाबगंज नगर पंचायत में बंदर पकड़ने के नाम पर 15 लाख रुपये और ट्री गार्ड निर्माण के नाम पर 21 लाख का गोलमाल हुआ है। मोहान विधायक की शिकायत पर हुई जांच में हसनगंज एसडीएम ने इसकी पुष्टि करते हुए रिपोर्ट एडीएम ( निकाय प्रभारी) को दी है। एडीएम ने अध्यक्ष और ईओ को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा है।
मोहान विधायक बृजेश रावत ने डीएम को दिए शिकायतीपत्र में कहा था कि नगर पंचायत नवाबगंज में बंदर पकड़ने के नाम पर नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने मथुरा जिले की एक फर्म को 15 लाख रुपये का फर्जी भुगतान कर गोलमाल किया है। नगर पंचायत क्षेत्र में कभी बंदर पकड़े ही नहीं गए।
बंदरों को पकड़ने का कोई फोटो रिकार्ड में नहीं है। वन विभाग को भी सूचना नहीं दी गई। विधायक ने बने बनाए ट्री गार्ड आपूर्ति के नाम पर 21 लाख रुपये का गोलमाल का भी आरोप लगाया था। डीएम रवींद्र कुमार ने मामले की जांच एसडीएम हसनगंज प्रदीप वर्मा को दी थी। नगर पंचायत पहुंचकर उन्होंने जांच की तो बंदर पकड़ने में 15 लाख रुपये और ट्री गार्ड आपूर्ति में 21 लाख रुपये की गड़बड़ी मिली।
एसडीएम ने अपनी जांच रिपोर्ट एडीएम राकेश कुमार को भेजी है। एडीएम ने बताया कि एसडीएम की जांच में गोलमाल की बात सामने आने पर अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।