उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी संतोष सोनकर ने अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट में दायर किए गए वाद में गांव के पूर्व लेखपाल समेत पांच लोगों पर ग्राम समाज की ऊसर व बंजर भूमि पर बिना प्रशासन की अनुमति के 12 से 17 फुट मिट्टी खुदाई कराकर भट्ठा मालिकों को बेचने का आरोप लगाया था। बताया था कि इसकी शिकायत कोतवाली में की थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कोर्ट ने लेखपाल समेत पांच पर रिपोर्ट लिखने के आदेश दिए हैं।
5 दिसंबर 2020 को पूर्व प्रधान को एसडीएम ने मिट्टी खनन कराकर ले जाते समय ट्रैक्टर समेत पकड़ा था। इससे पूर्व प्रधान उससे खुन्नस मानने लगा था। 10 दिसंबर 2020 को वह घर के बाहर बैठा था। तभी पूर्व प्रधान अन्य लोगों के साथ आए और उसे जमकर पीटा था। तब भी उसने पुलिस को शिकायतीपत्र दिया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) आनंद कुमार ने की। न्यायाधीश से मामले में कोतवाली पुलिस को पूर्व प्रधान व तत्कालीन लेखपाल समेत पांच पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच करने के आदेश दिए। कोतवाल अखिलेश पांडेय ने बताया कि अभी कोर्ट के आदेश की जानकारी नहीं है। आदेश मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।