जनसभा को संबोधित करतीं मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती व मौजूद पंकज गुप्ता।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि भाजपा सरकार में सुख-शांति रहती है। उन्होंने सपा और बसपा पर निशाना साधा।
सिकंदरपुर सरोसी के गांव बिधूना में सदर भाजपा प्रत्याशी पंकज गुप्ता के समर्थन में जनसभा में कहा कि सपा शासनकाल में कोई भी सुरक्षित नहीं था। सपाई अधिकारियों तक पर हमले करते थे। प्रदेश में हाथ के पंजे की सरकारें हमेशा अपराधियों के सहारे ही बनी। 2017 में परिवर्तन की बयार बही और योगी सरकार आते ही भ्रष्टाचारियों और अपराधियों के मकान, दुकान जब्त किए जाने लगे। कोरोना महामारी में अमेरिका जैसे विकसित देश में दो लाख लोग मर गए। प्रदेश में प्रति व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाएं बहुत कम होने पर भी योगी सरकार ने इस संकट का बड़ी मजबूती के साथ सामना किया।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अखिलेश की तरह उन्हें भी एक दिन सपना आया। इसमें उत्तर प्रदेश दिखा। इसमें माताएं कह रही हैं कि सपा की सरकार आएगी तो सुख, शांति चली जाएगी। भ्रष्टाचार आ जाएगा। उमा भारती ने कहा कि विपक्षी घिनौनी राजनीति करते हैं। भाजपा रामराज्य के लिए राजनीति करती है।