औद्योगिक सुरक्षा फोरम की बैठक में उद्यमियों की शिकायतें सुनते डीएम। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं औद्योगिक सुरक्षा फोरम की बैठक में उद्यमियों ने शिकायतों की झड़ी लगा दी। किसी ने खराब रास्ते की शिकायत की तो किसी ने बिजली की समस्या बताई। एक उद्यमी ने औद्योगिक क्षेत्र दही चौकी दो में अराजकतत्वों द्वारा अवैध कब्जे की बात कही।
डीएम रवींद्र कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। सीएफसी भवन, आईआईए हाल के पुनर्निर्माण का आदेश यूपी सीडा को दिया। नगर पालिका उन्नाव के ईओ को अकरमपुर की नालियों की सफाई कराने का आदेश दिया। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि से कहा कि उद्यमों की आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षुओं की सूची आईआईए को उपलब्ध करा दें जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके। डीएम ने पोर्टल पर आने वाले आवेदनों का समय से निस्तारण कराने के भी आदेश दिए। बैठक में उपस्थित उद्यमियों में बृजकिशोर यादव, एके गर्ग, कांती मोहन गुप्ता, हिमांशु तिवारी, एके महेश्वरी, एके अग्रवाल भी मौजूद रहे।
राहुल अग्रवाल ने रास्ते की समस्या रखते हुए बताया कि उनकी इकाई कानपुर-लखनऊ बाईपास से 250 मीटर अंदर स्थापित है। इकाई तक पहुंचने का मार्ग कच्चा है। इस कारण आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मार्ग का डामरीकरण कराया जाए। जमाल नासिर ने खराब रास्ते की समस्या बताई। कहा कि सिंगरोसी गांव जाने वाली रोड क्षतिग्रस्त है। हर समय मार्ग में जलभराव बना रहता है। एचटी (11 केवी) की लाइन बहुत नीचे और पोल झुक गए हैं। चार पोल काफी जर्जर हैं और लाइन के तार बहुत नीचे आ गए हैं। इससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
नदीम अजमत ने बताया कि साइट दो दही चौकी पर हरे पेड़ों को काटकर अवैध दुकानें लगाई जा रही हैं। इस पर अराजकतत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे लोगों की सुरक्षा को खतरा रहता है।