हसनगंज। मार्ग दुर्घटना में घायल दो युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्ट्रेचर न मिलने से परिजन उन्हें घसीटते हुए डॉक्टर के कक्ष तक ले गए। डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए दोनों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। स्ट्रेेचर न मिलने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
गांव तेगापुर निवासी उत्तम (21) व गिरवरखेड़ा के अरविंद (25) बाइक से बाजार आए थे। घर लौटते समय मोहान-बागरमऊ मार्ग पर निंदेमऊ गांव के निकट कार ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। स्ट्रेचर न मिलने से दोनों घायलों को घसीटते हुए डॉक्टर के कक्ष तक ले जाया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉ. अमन ने घायलों को देखा और लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घायलों को घसीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता है। सीएचसी प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि सीएचसी में तीन स्ट्रेचर हैं। उसके बाद भी यदि घायलों को नहीं मिले तो इसकी जांच होगी। दोषी पर कार्रवाई होगी।