असोहा की बेहटा समिति पर खाद के लिए लगी किसानों की भीड़। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। गुुरुवार को आई 3700 एमटी की नई रैक के बाद किसानों में खुशी थी, लेकिन शुक्रवार को कई केंद्रों से उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। कुछ केंद्रों पर खाद के लिए लाइन में लगकर धक्कामुक्की भी झेलनी पड़ी। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने दही चौकी में स्थित पीसीएफ गोदाम का निरीक्षण किया।
नवाबगंज के बिचपरी केंद्र पर शुक्रवार को डीएपी का वितरण नहीं हुआ। रैक आने के बाद खाद मिलने की उम्मीद से कुछ किसान सुबह से ही केंद्र पर पहुंच गए। केंद्र पर यह बताने को भी कोई मौजूद नहीं था कि खाद कब मिलेगी। दही चौकी इफको केंद्र पर भी सन्नाटा रहा। सुबह केंद्र पर पहुंचे किसानों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। असोहा ब्लाक की गोसाईखेड़ा समिति में खाद न पहुंचने से किसानों को वापस लौटना पड़ा। सचिव सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम तक खाद आने की संभावना है।
असोहा की साधन सहकारी समितियों में 15 दिन बाद पहुंची डीएपी लेने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। ब्लाक क्षेत्र की बेहटा, सहरावां, समाधा, सोहा समितियों में गुरुवार को ही खाद पहुंच गई थी। शुक्रवार से वितरण की सूचना पर सुबह से ही किसान आधार कार्ड लेकर पहुंच गए। केंद्र खुलने से पहले ही किसानों की लंबी लाइन लग गईं। पहले खाद लेने को लेकर किसानों में धक्कामुक्की भी शुरू हो गई। बेहटा समिति में भी खाद लेने के लिए किसान पहुंचे। यहां भी किसानों को काफी जद्दोजहद के बाद डीएपी मिल सकी।