उन्नाव। बुखार पीड़ित मरीजों की डेंगू जांच के लिए भेजे गए सैंपलों में लखनऊ से आई रिपोर्ट में भाई व बहन सहित छह मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के बाद जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 88 पहुंच गई है।
जेल कालोनी निवासी शिवानी (18) पुत्री संजीवन कुमार, नवाबगंज की शिल्पी गुप्ता (23) पुत्री बाबूलाल, बेटा सौरभ गुप्ता (18), सोहरामऊ के पुरुषोत्तम प्रसाद पांडेय (60), शहर के दया श्रीवास्तव (54) व नवाबगंज के दिलीप कुमार के पुत्र अथर्व (4) को बुखार आने पर लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल सैंपल भेजे गए थे।
शुक्रवार को आई रिपोर्ट में सभी डेंगू पॉजिटिव आए हैं। जिला अस्पताल से डेंगू जांच के लिए बुखार पीड़ित मरीजों में किशोरीखेड़ा के रोहित (21) पुत्र वीरपाल, बारा निवासी शिखा राजपूत (28) पत्नी विद्या सागर, ओसियां के चंद्रभान (35) व राहुल (28) पुत्र मदन मोहन के सैंपल लिए गए। जीका जांच के लिए किशोरी खेड़ा के पंकज (23) व शिखा का सैंपल लिया गया है। सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि डेंगू पॉजिटिव मिले मरीजों के घर शनिवार को एंटी लार्वा का छिड़काव करवाने के साथ जांच के लिए सैंपलिंग कराई जाएगी।