उन्नाव। आईटीआई ने औद्योगिक प्रशिक्षण लेने वाले छात्रों के लिए डुअल सिस्टम लागू किया है। इसमें आईटीआई छात्रों को पढ़ाई के साथ ही उनके चयनित ट्रेड का प्रशिक्षण देकर पारंगत भी किया जाएगा। इससे पढ़ाई व प्रशिक्षण पूरा होते ही काम मिल सकेगा। दिसंबर से इसकी शुुरुआत होगी।
शहर में संचालित आईटीआई की टर्नर ट्रेेड, हसनगंज व बीघापुर में इलेक्ट्रीशियन, पुरवा में मशीनिष्ट, फतेहपुर चौरासी व बीघापुर आईटीआई की फिटर ट्रेड में कुल 120 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। दो साल के इन कोर्सों में साल 2020 तक छात्रों को सिर्फ पढ़ाई कराई जाती थी। समय पूरा होने के बाद उन्हें प्रशिक्षण न मिल पाने से अनुभव प्रमाण पत्र नहीं मिल पाता था। इससे उन्हें निजी कंपनियाें में नौकरी के लिए भटकना पड़ता था। छात्रों की इन दिक्कतों को दूर करने के लिए पढ़ाई व्यवस्था में अब बदलाव किया गया है। आईटीआई शहर के प्रधानाचार्य वीके वर्मा ने बताया कि इन पांच ट्रेडों में अध्ययनरत छात्रों की शिक्षा गतिविधियों में बदलाव हुआ है। दो साल के इस कोर्स में अब डेढ़ साल छात्र आईटीआई में पढ़ाई करेंगे। उसके बाद छह महीने तक ट्रेड के हिसाब से अलग-अलग कंपनियों से उन्हें प्रशिक्षण कराया जाएगा।