मियागंज (उन्नाव)। छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचले युवक ने किशोरी का गला रेतकर हत्या कर दी। किशोरी का खून से लथपथ शव सरसों के खेत में मिला। वह शनिवार तड़के शौच के लिए निकली थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
आसीवन थाना क्षेत्र के गौरिया कला गांव निवासी अनिल कुमार सैनी की 16 वर्षीय बेटी पूजा सैनी शनिवार सुबह करीब छह बजे शौच के लिए गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। इस दौरान गांव से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर सरसों के खेत में खून से लथपथ उसका शव मिला।
यह सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्राम प्रधान छुन्नू सिंह ने आसीवन थानाध्यक्ष केके यादव को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो किशोरी की हत्या किसी तेज धारदार हथियार से वार करके किया जाना पाया गया। मृतका के पिता ने गांव के छत्रपाल कुरील पर हत्या का आरोप लगाया है। पिता का आरोप है कि छत्रपाल उसकी बेटी से अक्सर छेड़छाड़ करता था।
कई बार विरोध भी किया मगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसने आशंका जताई कि शौच के लिए गई पूजा से छत्रपाल ने फिर छेड़छाड़ की जिसका विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी। मौके पर पहुंचे हसनगंज सीओ माजिद अब्सार ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।