अमर उजाला ब्यूरो
पुरवा (उन्नाव)। अपने घर पर ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक ने कक्षा पांच में पढ़ने वाली नौ साल की बच्ची को कमरे में बंद कर दुष्कर्म किया। इसके बाद मुंह बंद रखने की धमकी देकर घर भेज दिया। बच्ची गंभीर हालत में घर पहुंची।
पहले तो वह टालमटोल करती रही, घर वालों ने सख्ती से पूछा तो सच्चाई बता दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुरवा कोतवाली के एक गांव निवासी नौ साल की बच्ची गांव के ही एक स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा है। वह गांव में 35 वर्षीय विनोद से ट्यूशन पढ़ने जाती है।
बुधवार शाम को वह ट्यूशन पढ़ने गई थी। इसके अलावा गांव का ही एक और भी बच्चा था। ट्यूशन पढ़ाने के बाद शिक्षक ने दूसरे बच्चे को घर भेज दिया। बच्ची को कुछ देर पढ़ाने की बात कहकर रोक लिया। बच्ची के मुताबिक शिक्षक ने कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ गलत हरकत की। उसने शोर मचाया तो मुंह दबा दिया।
इसके बाद किसी को कुछ न बताने की बात कहकर घर भेज दिया। घर पहुंची बच्ची की हालत देखकर परिजनाें को शक हुआ। वह उसे डाक्टर के पास लेकर पहुंचे। दहशत के चलते बच्ची ने पहले नाजुक अंग में चोट लगने की बात बताई। डाक्टर के कहने पर घर वालों ने उससे सही बात बताने की बात कही तब उसने सच्चाई बताई।
बच्ची के घर वालों ने शिक्षक को उसके घर के पास से दबोच लिया। यह उसे पुरवा कोतवाली लेकर पहुंचे। पीड़िता के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुरवा कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बच्ची को इलाज के लिए पुरवा सीएचसी भेजा गया है।
कक्षा पांच की छात्रा से शिक्षक ने किया दुष्कर्म
पुरवा कोतवाली के एक गांव की घटना, रिपोर्ट दर्ज, आरोपी गिरफ्तार