एक्सप्रेस-वे पर ट्राली में भिड़ी बाइक, दो भाइयों और भांजे की मौत
उन्नाव। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सर्विस लेन में खड़ी ट्रैक्टर ट्राली मेंतेज रफ्तार बाइक सवार तीन युवक पीछे से भिड़ गए। हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौत हो गई। जाम लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के वक्त बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव तारापुर निवासी चंद्रपाल (35) पुत्र श्रीकृष्ण बुधवार को बाइक से क्षेत्र के गांव सहसरांय में अपनी ननिहाल से गुरुवार देर शाम घर लौट रहा था। साथ में मामा रामाधार (40) और रामअवतार (35) थे। चंद्रपाल बाइक चला रहा था। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर रघुरामपुर गांव के सामने सर्विस रोड पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में तेज रफ्तार बाइक पीछे से भिड़ गई।
तेज टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार उछलकर काफी दूर जा गिरे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को आनन-फानन में स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
एक हादसे ने छीन लीं दो परिवारों की खुशियां
सड़क हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौत से दो परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए जाने से परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस के लिए निकल गए। हादसे में मृत रामअवतार के चार बच्चों में तीन बेटी और एक बेटा है। वहीं रामाधार के दो नि:शक्त बेटियां व एक बेटा है। मृतक चंद्रपाल के भी चार बच्चे हैं।
पुलिस की लापरवाही आई सामने
ग्रामीणों के मुताबिक लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर खराब ट्रैक्टर ट्राली कई दिनों खड़ी थी। ट्राली किसी ग्राम प्रधान की बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने ट्राली को हटवा दिया होता तो शायद तीन लोगों की मौत न होती। इसे लेकर लोगों में काफी आक्रोश रहा।
- सर्विस रोड पर खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्राली, बाइक सवार पीछे से भिड़े, तीन लोगों की मौत से दो परिवारों में मचा कोहराम, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर रघुरामपुर गांव के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो