एक्सप्रेस-वे पर कार का टायर फटा, पांच घायल
उन्नाव। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरधरपुर के निकट कार का टायर फटने से वह पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। यह दरभंगा से दिल्ली जा रहे थे। घायलों को बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया गया।
बिहार प्रांत के जिला दरभंगा के गांव एसएलवारी नगर गंगवारा निवासी लक्ष्मी नारायण पारिवारिक सदस्यों के साथ दरभंगा से दिल्ली जा रहे थे। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बांगरमऊ कोतवाली के गांव सिरधरपुर के निकट कार का अगला पहिया फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में कार सवार पूनम पत्नी लक्ष्मी नारायण, इनका बेटा अमित, बलवीर पुत्र राजेश कुमार व चालक राजेश कुमार घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया।
- बिहार प्रांत के जिला दरभंगा के रहने वाले हैं घायल
अमर उजाला ब्यूरो