औरास। धमियाना गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मां व चाचा ने हंगामा कर ससुरालीजनों पर बेटी की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। मां ने दामाद समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ जिले की मलिहाबाद कोतवाली क्षेत्र के अटेर गांव निवासी सुरेश पुत्र कालीचरण ने अपनी बेटी शशी की शादी सात वर्ष पहले औरास थाना क्षेत्र के धमियाना गांव निवासी उमेश पुत्र राजेंद्र राठौर से की थी। मंगलवार सुबह शशी का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला।
पति उमेश ने घटना की सूचना ससुराल वालों को दी। गांव पहुंची मां सरोज और चाचा बोधे ने बेटी के ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। दरोगा अखिलेश यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां सरोज ने बताया कि उसकी बेटी शशी के तीन बच्चे हैं। जिनमें राहुल (6), राधिका (4) व सुधा (2) हैं। मां सरोज ने बताया कि जिस वक्त वह घर पहुंची थी उस वक्त बेटी का शव जमीन में मिला था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था व शरीर में चोटें भी थी।
सरोज ने बेटी के पति उमेश, ससुर राजेंद्र, सास मुन्नी व जेठ दिनेश के खिलाफ बेटी को मार डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
देर शाम आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम
पोस्टमार्टम के बाद शशी का शव न मिलने से नाराज मायके पक्ष के लोगों ने औरास थाने के बाहर संडीला- उन्नाव मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। मायके पक्ष के लोग शव अपने कब्जे में लेकर उसका अंतिम संस्कार करना चाहते थे। जबकि ससुरालीजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चले गए थे। एसओ संजीव कुमार ने परिजनों को शांत कराया। जिसके बाद परिजनों ने जाम हटाया। इस दौरान लगभग 15 मिनट तक मार्ग जाम रहा।
- दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप