दो घरों से पार किया लाखों का माल
उन्नाव। बिल्हौर मार्ग स्थित बेरियागाड़ा में मंगलवार रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। दो घरों से चोरों ने लगभग चार लाख रुपये का माल पार कर दिया। परिजनाें को सुबह जानकारी हुई। एक घर में परिजनों की नींद खुल जाने से चोरी की वारदात बच गई। पीड़ित ने तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग स्थित बेरियागाड़ा निवासी श्रीपाल पुत्र बेचेलाल व भगवानदीन पुत्र कुंवरपाल मंगलवार रात घरों में सो रहे थे। वहीं सुशील कुमार पुत्र मैकूलाल पत्नी व बच्चों के साथ पैतृक गांव नया पुरवा गए थे। चोरों ने सुशील के मेन दरवाजे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद यह घर में घुस गए। चोर कमरों में रखे बक्सों का ताला तोड़कर पचास हजार रुपये की कीमत के जेवर व श्रीपाल के छत पर लगी सौर ऊर्जा की 100 वाट की तीन प्लेटें (कीमत करीब 1,50,000 रुपये) चुरा ले गए। वहीं पड़ोसी भगवानदीन की छत से 40 वाट की सौर ऊर्जा की प्लेट लेकर भाग निकले।
बुधवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
- जेवर सहित लाखों की सोलर प्लेट ले गए, बुधवार सुबह हुई घटना की जानकारी, पीड़ितों ने दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो