सदर कोतवाली क्षेत्र के मगरवारा स्थित उप डाकघर में बुधवार रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला। चौकीदार को बंधक बना लिया। लॉकर का ताला तोड़ कर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट ले गए। गुरुवार तड़के चौकीदार को चारपाई से बंधा देखकर ग्रामीणों को वारदात की जानकारी हुई। सीओ कोतवाल व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। खोजी कुत्ते को भी लगाया गया, लेकिन कोई क्लू हाथ नहीं लगा। सहायक डाक अधीक्षक ने मुकदमा दर्ज कराया है।
औरैया निवासी कप्तान सिंह मगरवारा स्थित उप डाकघर में चौकीदार के पद पर तैनात हैं। बुधवार रात लगभग दो बजे चार नकाबपोश बदमाश लूट के इरादे से उप डाकघर पहुंचे। कप्तान सिंह ने बताया कि बदमाशों के आने की आहट पर उनकी नींद खुल गई। वह कुछ समझ पाते इसके पहले ही लुटेरों ने उन्हें धक्का देकर गिर दिया और चारपाई से बांध दिया। डाकघर के मेन गेट का ताला तोड़कर स्ट्रांगरूम तक पहुंच गए। लुटेरों ने अलमारी का ताला तोड़ा और रुपये लूट ले गए।
लूट के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए निकल गए। भोर पहर ग्रामीणों ने चौकीदार को रस्सी से बंधा देखा तो सूचना चौकी इंचार्ज संतोष सिंह को दी। वह मौके पर पहुंचे और चौकीदार को बंधक मुक्त कराया। चौकी इंचार्ज ने लूट के मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी तो सीओ सिटी हृदेश कठेरिया व कोतवाल आईपी सिंह उपडाकघर पहुंचे। सीओ ने मगरवारा उप डाकघर के पोस्टमास्टर कुलदीप गौतम से भी पूछताछ की। चौकीदार को पुलिस साथ लेकर चली गई। सहायक डाक अधीक्षक तनीवर अहमद भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। तनवीर ने मगरवारा चौकी में मुकदमा दर्ज कराया है।